RailParcel App को गोल्ड SKOCH अवॉर्ड: रेलवे पार्सल सेवा को डिजिटल बनाने की पहल को राष्ट्रीय पहचान

ई-गवर्नेंस श्रेणी में हैदराबाद मंडल को सम्मान; PCCM Ity Pandey और Sr. DCM Dr. Anirudh Pamur ने ग्रहण किया पुरस्कार
🔴 अब पार्सल सेवा होगी आसान, तेज और पारदर्शी—डिजिटल लॉजिस्टिक्स को मिलेगी नई रफ्तार।
🔴 PCCM Ity Pandey ने ग्रहण किया प्रतिष्ठित सम्मान, रेलवे की तकनीकी पहल को मिला राष्ट्रीय मंच।
हैदराबाद। दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के हैदराबाद मंडल द्वारा विकसित RailParcel App को प्रतिष्ठित गोल्ड SKOCH अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। रेलवे की पार्सल सेवाओं को तकनीक के जरिए अधिक आसान, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की इस पहल को ई-गवर्नेंस श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित पुरस्कार समारोह में दक्षिण मध्य रेलवे की Principal Chief Commercial Manager (PCCM) Ity Pandey और हैदराबाद मंडल के Senior Divisional Commercial Manager (Sr. DCM) Dr. Anirudh Pamur ने गोल्ड SKOCH अवॉर्ड ग्रहण किया। यह सम्मान रेलवे की पारंपरिक पार्सल व्यवस्था को आधुनिक डिजिटल लॉजिस्टिक्स से जोड़ने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए दिया गया है।

◾घर से पिकअप से लेकर डिलीवरी तक डिजिटल सुविधा
RailParcel App का उद्देश्य रेलवे के विशाल नेटवर्क और मौजूदा बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग करते हुए पार्सल सेवाओं को ग्राहकों के लिए अधिक सुलभ बनाना है। ऐप के माध्यम से घर से पार्सल पिकअप, रेलवे नेटवर्क के जरिए परिवहन और गंतव्य तक डिलीवरी जैसी सुविधाओं को एक प्लेटफॉर्म से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।
इस डिजिटल व्यवस्था से पार्सल बुकिंग और परिवहन से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ग्राहकों का समय और प्रयास कम करने पर जोर है। रेलवे के लिए भी यह पहल अपने व्यापक नेटवर्क का इस्तेमाल आधुनिक लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार में करने का नया अवसर प्रदान करती है।

🔴डिजिटल रेलवे लॉजिस्टिक्स की दिशा में अहम कदम
RailParcel App को भविष्य की रेलवे लॉजिस्टिक्स के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके जरिए स्टेशन आधारित पार्सल व्यवस्था को डिजिटल सेवाओं से जोड़कर नए लॉजिस्टिक्स मॉडल विकसित करने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
गोल्ड SKOCH अवॉर्ड-2026 ने हैदराबाद मंडल की इस तकनीकी पहल को राष्ट्रीय पहचान देने के साथ रेलवे में तेजी से बढ़ते डिजिटल नवाचार को भी रेखांकित किया है।
