बरेली: वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 684 अभ्यर्थियों का चयन

55 कंपनियों ने लिया हिस्सा, जनप्रतिनिधियों ने 11 चयनित युवाओं को प्रतीकात्मक रूप से सौंपे नियुक्ति पत्र
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधानसभा नवाबगंज में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, पीलीभीत रोड में आयोजित रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की करीब 55 तकनीकी और गैर-तकनीकी कंपनियों ने हिस्सा लिया। मेले में कुल 2,150 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 684 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया।

रोजगार मेले का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, ब्लाक प्रमुख नवाबगंज प्रतिनिधि, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, सहायक निदेशक सेवायोजन बीवीएस सेंगर तथा राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन राजेंद्र कुमार अग्रवाल और सचिव राकेश कुमार अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार और नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने नियुक्ति वितरण समारोह में हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों ने प्रतीकात्मक रूप से 11 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सेवायोजन कार्यालय और राजश्री संस्थान के प्रयासों की सराहना की गई।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने रोजगार मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और रोजगार मेले का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा में इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन कराया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपनी स्किल को बेहतर बनाकर युवा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार हासिल कर सकते हैं।
रोजगार मेले में बीएल एग्रो, जस्ट डायल, वाडीलाल, गंगाशील हॉस्पिटल, याजाकी, एकेसी वर्ड, एकेसी मोटर्स, सिद्धी इन्फोटेक, एक्सिस बैंक, फ्लिपकार्ट, बालाजी एक्शन, जेके टायर, मोटोरोला, टीमलीज, रिलायंस जियो, पेटीएम, वोल्टास और पुखराज हेल्थकेयर समेत कई कंपनियों ने प्रतिभाग किया।




