अरिजीत सिंह बने लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक
Mishra ManishJune 19, 2026Last Updated: June 19, 2026
0 107 2 minutes read
यात्री सुविधाओं, टिकट जांच और राजस्व वृद्धि पर रहेगा विशेष फोकस
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में अरिजीत सिंह ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वह इज्जतनगर मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक-द्वितीय के पद पर कार्यरत थे।
भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 2016 बैच के अधिकारी अरिजीत सिंह की पहली नियुक्ति वर्ष 2018 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में क्षेत्रीय प्रबंधक, कोरबा के पद पर हुई थी। इसके बाद उन्होंने रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। वह लखनऊ मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (कोचिंग एवं जनरल) के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
🔴 प्रशासनिक अनुभव और शैक्षणिक पृष्ठभूमि
मूल रूप से नोएडा से शिक्षा प्राप्त करने वाले अरिजीत सिंह ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), रायपुर से बीटेक की डिग्री हासिल की है। प्रशासनिक दक्षता और कार्यकुशलता के कारण वह रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय माने जाते हैं। खेलों में उनकी विशेष रुचि है तथा उन्हें टेबल टेनिस, शतरंज और वॉलीबॉल खेलना पसंद है। संगीत सुनना भी उनके पसंदीदा शौकों में शामिल है।
🔴 यात्री सुविधाओं और आय वृद्धि पर रहेगा जोर
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि मंडल के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही यात्री आय में वृद्धि, टिकट जांच व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा राजस्व बढ़ाने पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
🔴 कर्मचारियों के सहयोग से आगे बढ़ेगा मंडल
अरिजीत सिंह ने विश्वास जताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से लखनऊ मंडल की वाणिज्यिक एवं यात्री सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने बेहतर कार्यसंस्कृति और यात्री केंद्रित सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।