Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़फटाफट खबरेंलखनऊ

होली के बाद जोन-4 में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, सड़कों पर कूड़े के अंबार

गोमती नगर में सिंगापुर मॉल के पीछे दुर्गंध से हाल बेहाल, कूड़ा उठाने के बजाय जलाने का आरोप

लखनऊ। रंगों के पर्व होली के बाद राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। नगर निगम के दावों के विपरीत जोन-4 के कई इलाकों में सड़कों और डिवाइडरों के किनारे कूड़े के अंबार लगे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार के बाद सफाई अभियान चलाने के दावे जमीनी स्तर पर फेल साबित हो रहे हैं।

गोमती नगर में हालात सबसे खराब

गोमती नगर के सिंगापुर मॉल के पीछे मैक्स अस्पताल के पास डिवाइडर रोड तक कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सिनेपुलिस मॉल के आसपास भी सड़क किनारे कूड़ा जमा होने से पूरा इलाका कूड़ाघर में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों का वहां से गुजरना तक मुश्किल हो गया है।

कूड़ा उठाने के बजाय जलाने का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़ा उठाने के बजाय उसे मौके पर ही आग लगा दी जाती है, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल जाता है। इससे वायु प्रदूषण बढ़ जाता है और आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगती है।

लोगों का कहना है कि होली के बाद सफाई कर्मी भी सड़कों पर नजर नहीं आ रहे, जबकि जोनल स्तर के अधिकारी भी त्योहार में व्यस्त दिखाई दिए, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।


कई इलाकों में कचरे के ढेर
गोमती नगर के अलावा इंदिरा नगर, चिनहट और फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में भी कचरा डंप पड़ा हुआ है। लोगों का कहना है कि नियमित मॉनिटरिंग के अभाव में समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा. लि. पर भी सवाल
शहर की मुख्य सड़कों की सफाई का जिम्मा संभाल रही लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी की जिम्मेदारी के बावजूद मुख्य मार्गों पर कूड़ा जमा होना व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।


चर्चा यह भी है कि LSA अब शहर के 77 वार्डों की पूरी सफाई व्यवस्था अपने हाथ में लेने की कोशिश में है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए लोग इस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं कि जब मुख्य मार्गों की सफाई ही संतोषजनक नहीं है तो पूरे शहर की जिम्मेदारी कैसे संभाली जाएगी।

कर्मचारी का दावा – छह महीने से नहीं मिला वेतन

नाम न छापने की शर्त पर एक सफाई कर्मचारी ने बताया कि कई कर्मचारियों को पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि कर्मचारियों पर काम का दबाव तो है, लेकिन भुगतान नहीं होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कर्मचारी के अनुसार, कई बार उन्हें यह तक कहा जाता है कि कूड़ा कहीं भी डाल दो, कंपनी बाद में उठा लेगी, जिससे शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगने की स्थिति बन रही है।

जिम्मेदारों की चुप्पी

नगर निगम की ओर से त्योहार के बाद विशेष सफाई अभियान चलाने के दावे किए गए थे, लेकिन जोन-4 के हालात इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल कूड़ा उठाने और सफाई व्यवस्था की सख्त निगरानी की मांग की है।

मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!