सूचना इंडिया की खबर का असर: फैजुल्लागंज द्वितीय में चला सफाई अभियान, सालों की गंदगी हटाने उतरी नगर निगम की टीम
लखनऊ। सूचना इंडिया में फैजुल्लागंज द्वितीय वार्ड कृष्ण लोक की बदहाल सफाई व्यवस्था की खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया। खबर पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जोनल अधिकारी अजीत राय को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जोनल अधिकारी ने सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (SFI) पुष्कर सिंह पटेल को टीम के साथ मौके पर भेजा और पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
🔴 सालों बाद होती दिखी ऐसी सफाई
कृष्ण लोक कॉलोनी में नगर निगम की टीम ने बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया। नालियों से जमा पुरानी सिल्ट निकाली गई, कूड़े के बड़े-बड़े ढेर हटाए गए और लंबे समय से जमा गंदगी को साफ किया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि सफाई अभियान देखकर ऐसा लग रहा था मानो सालों बाद पूरे क्षेत्र में इतनी व्यापक सफाई कराई जा रही हो।
🔴 ‘आज पहली बार SFI को क्षेत्र में देखा’
सफाई अभियान के दौरान कई स्थानीय महिलाओं ने कहा कि उन्होंने पहली बार सफाई निरीक्षक पुष्कर सिंह पटेल को अपने क्षेत्र में आते देखा। लोगों का कहना था कि यदि अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें तो सफाई व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर हो सकती है।
🔴 महिलाओं ने जताया आभार
स्थानीय निवासी शहनाज, राफिया, हिना, तमन्ना सहित अन्य महिलाओं ने नगर आयुक्त गौरव कुमार, महापौर सुषमा खर्कवाल, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता तथा जोनल अधिकारी अजीत राय का आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि उनकी आवाज को गंभीरता से सुना गया और तत्काल कार्रवाई हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सफाई दिखाई देने लगी।
🔴 लेकिन बड़ा सवाल अभी भी बाकी…
हालांकि विशेष सफाई अभियान के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जरूरत एक दिन की कार्रवाई नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और जवाबदेही की है। उनका कहना है कि यदि शिकायत और खबर प्रकाशित होने के बाद ही सफाई होगी, तो आम दिनों में व्यवस्था कैसे चलेगी?
🔴 तंज भी छोड़ गया सफाई अभियान
स्थानीय लोगों के बीच पूरे अभियान के दौरान एक ही चर्चा रही—”अगर SFI साहब हर महीने एक बार भी क्षेत्र का दौरा कर लें, तो शायद खबर छपने का इंतजार ही न करना पड़े।”
अब लोगों की निगाह इस बात पर है कि यह सफाई अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई साबित होता है या नगर निगम इसे नियमित व्यवस्था में बदलकर फैजुल्लागंज द्वितीय को वास्तव में स्वच्छ बनाने की दिशा में लगातार काम करेगा।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।