डोर-टू-डोर कूड़ा गाड़ी से कबाड़ की बिक्री का खेल? खरगापुर-सरसावां वार्ड में LSA पर उठे गंभीर सवाल
मनीष मिश्राJuly 30, 2026Last Updated: July 30, 2026
0 144 2 minutes read
वार्ड मैनेजर और सुपरवाइजर की भूमिका पर सवाल, कंपनी से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
लखनऊ। नगर निगम जोन-4 के खरगापुर-सरसावां वार्ड के सेक्टर 6 से लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। मौके से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कथित तौर पर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन के पास कबाड़ का सामान बेचे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। आरोप है कि यह पूरा खेल वार्ड मैनेजर प्रभात और सुपरवाइजर महफूज आलम की जानकारी अथवा मिलीभगत से हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह के दौरान निकलने वाला ऐसा सामान, जिसे नगर निगम की व्यवस्था के तहत निस्तारित किया जाता है, उसे कथित रूप से मौके पर ही बेच दिया गया है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि सरकारी व्यवस्था और कंपनी की जवाबदेही पर भी बड़ा सवाल है।
🔴 क्या सिर्फ कबाड़ का मामला या बड़े खेल की झलक?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वार्ड स्तर पर इस तरह की गतिविधियां खुलकर हो रही हैं, तो कंपनी को यह भी जांचना चाहिए कि कहीं यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं। लोगों का मानना है कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि इससे किसे आर्थिक लाभ पहुंच रहा है।
🔴 कंपनी से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने तक संबंधित वार्ड मैनेजर प्रभात और सुपरवाइजर महफूज आलम को तत्काल वार्ड से हटाया जाए। साथ ही, यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कंपनी की नीति के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
🔴 जांच के बाद ही होगी तस्वीर साफ
सूचना इंडिया इस मामले में किसी भी पक्ष को दोषी घोषित नहीं कर रहा है। यदि संबंधित अधिकारी या LSA प्रबंधन अपना पक्ष देना चाहते हैं, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। अब निगाहें इस बात पर हैं कि LSA प्रबंधन और नगर निगम जोन-4 इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।