उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में देशभक्ति के रंग में मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीआरएम ने फहराया तिरंगा
Mishra Manish57 minutes agoLast Updated: August 16, 2026
0 56 2 minutes read
चारबाग रेलवे स्टेडियम में आरपीएफ की परेड ने दी सलामी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; मंडलीय चिकित्सालय में मरीजों को बांटे फल और उपहार
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निरुपमा वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की परेड ने डीआरएम को सलामी दी, जिसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।
🔴 राष्ट्र निर्माण में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका
समारोह को संबोधित करते हुए डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रेलवे देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों को जोड़कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ आवश्यक वस्तुओं के परिवहन के जरिये आर्थिक विकास में भी अहम योगदान दे रही है।
डीआरएम संबोधित करते हुए
उन्होंने लखनऊ मंडल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए रेलकर्मियों के कार्यों की सराहना की। साथ ही कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ रेल सेवा करने का आह्वान किया।
🔴 देशभक्ति के गीतों से गूंजा रेलवे स्टेडियम
मंडल के सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों और स्काउट-गाइड की टीम ने देशभक्ति गीतों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डीआरएम और महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ने तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। अधिकारियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
डीआरएम सलामी लेते हुए
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरिमा भटनागर ने अतिथियों और रेलकर्मियों का आभार जताया। समारोह में मंडल के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन, रेलवे यूनियन और मान्यता प्राप्त एसोसिएशन के पदाधिकारी, आरपीएफ जवान, स्काउट-गाइड और मंडलीय खिलाड़ी मौजूद रहे।
🔴 मंडलीय चिकित्सालय में मरीजों का जाना हाल
उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निरुपमा वर्मा ने फिजियोथेरेपी विभाग को डायनेमिक क्वाड्रिसेप्स टेबल प्रदान की। यह उपकरण घुटने से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के उपचार और पुनर्वास में उपयोगी होगा।
उन्होंने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्हें फल और उपहार वितरित किए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने हाल ही में चिकित्सालय में टोटल नी रिप्लेसमेंट सर्जरी कराने वाले मरीज से भी मुलाकात की। उन्होंने मरीज से उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ चिकित्सालय की इनडोर सेवाओं एवं मरीजों की देखभाल को लेकर प्रत्यक्ष फीडबैक लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता मौजूद रहे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।