Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

मंत्री ए के शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को किया नमन

गांधी जी के स्वच्छता के सपने को प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनचेतना का रूप दिया: मंत्री ए.के. शर्मा

आज देश का हर स्वच्छताकर्मी गांधीजी और मोदी जी के स्वच्छता संकल्प को आगे बढ़ा रहा


स्वच्छताकर्मियों की मेहनत से लखनऊ पूरे देश में स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरे और वायु सर्वेक्षण में प्रथम स्थान पर पहुंचा


मंत्री ए के शर्मा ने कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव को नमन कर किया श्रमदान एवं वृक्षारोपण


स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी: नगर विकास मंत्री

लखनऊ, 02 अक्टूबर 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड स्थित रघुवर मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मंत्री शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी जी स्वच्छता के बहुत बड़े पक्षधर थे और उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। गांधी जी के बाद लंबे समय तक स्वच्छता का विषय अपेक्षित रूप से जनचेतना का हिस्सा नहीं बन पाया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को जनआंदोलन और जनचेतना का रूप देते हुए गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को आगे बढ़ाया।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि आज देशभर में स्वच्छता कर्मी गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संकल्प को साकार करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के लोगो के चयन से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए बताया कि लोगो के रूप में महात्मा गांधी के चश्मे को चुना गया और उसके दोनों खानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पेन से ‘स्वच्छ भारत’ लिखकर इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भाव व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि यह लोगो आज देश के स्वच्छता संकल्प का एक प्रमुख प्रतीक बन चुका है।

मंत्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के परिश्रम और समर्पण का परिणाम है कि लखनऊ ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान तथा वायु स्वच्छता के क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल नगर निगम या किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि सफाई मित्रों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लखनऊ के नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सफाई मित्रों की सेवाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के अनुसार स्वच्छता कर्मियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने सफाई मित्रों से संवाद किया और उनके कार्यों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को टूलकिट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ लखनऊ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देश और समाज के लिए प्रेरणादायी है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता, सत्य और सेवा का संदेश दिया, वहीं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन और कार्यों में अपनाकर ही हम बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।

इसके पश्चात नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मुंशी पुलिया स्थित पार्क पहुंचकर कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमदान किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े विषय हैं। स्वच्छ शहर और स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, पूर्व पार्षद रामकुमार वर्मा, वर्तमान पार्षद कल्पना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्वच्छताकर्मी उपस्थित रहे।

मनीष मिश्रा

राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!