श्रावण के तृतीय सोमवार और नागपंचमी पर काशी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मैदागिन से गोदौलिया और गंगाघाट तक लिया व्यवस्थाओं का जायजा, कांवड़ियों व श्रद्धालुओं से संवाद कर दिए सुरक्षा निर्देश
वाराणसी। श्रावण मास के तृतीय सोमवार एवं नागपंचमी पर्व पर काशी में उमड़ने वाली अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने रविवार को मैदागिन से गोदौलिया होते हुए गंगाघाट तक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बढ़ते गंगा जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील घाटों और आवागमन मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर गंगा में नावों का संचालन बंद रखा गया है। वहीं ललिता घाट से शीतला घाट होते हुए मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग को भी बंद कर निर्धारित प्रवेश द्वारों से ही दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
फ्लोटिंग बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान की अपील
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और हर संभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा स्नान एवं जल लेने के दौरान फ्लोटिंग वाटर बैरिकेडिंग के अंदर निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा श्रद्धालुओं और यातायात के आवागमन में बाधक अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। प्रमुख संपर्क मार्गों पर अनावश्यक जाम और अव्यवस्था पैदा करने वालों पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार की हिदायत
ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सद्भावपूर्ण, सहयोगात्मक एवं सम्मानजनक व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक “सर” और “मैडम” कहकर संबोधित करने पर विशेष जोर दिया गया। महिला श्रद्धालुओं की चेकिंग केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा नियमानुसार कराने तथा सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
श्रावण मास के तृतीय सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर 17 अगस्त को कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इससे काशी में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल और भव्य होने की उम्मीद है।
अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, सुरक्षित दर्शन, सुरक्षित स्नान, सुगम आवागमन और निर्बाध यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात/सुरक्षा अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




