Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

बड़े मंगल पर आस्था के साथ स्वच्छता का संदेश, नगर निगम ने भंडारों को बनाया ‘जीरो वेस्ट इवेंट’

🔴 नगर आयुक्त के निर्देशन में चला विशेष अभियान, शहरभर में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर रहा विशेष फोकस

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पावन आठवें एवं अंतिम बड़े मंगल के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आस्था, सेवा और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर निगम लखनऊ द्वारा नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शहरभर में आयोजित भंडारों को ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ के रूप में संचालित करने के लिए व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीमों ने विभिन्न भंडारा स्थलों पर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

🔴 153 भंडारों का कराया गया पंजीकरण, विशेष टीमें रहीं तैनात

नगर निगम लखनऊ में इस बार बड़े मंगल के अवसर पर कुल 153 भंडारों का पंजीकरण कराया गया। सभी पंजीकृत स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की विशेष टीमें तैनात की गईं। आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक तथा डिस्पोजल सामग्री के उपयोग से बचने और कम से कम कचरा उत्पन्न करने के लिए प्रेरित किया गया।

🔴 भंडारा स्थलों पर दिनभर चला सफाई एवं जागरूकता अभियान

नगर निगम की टीमों द्वारा विभिन्न भंडारा स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार सफाई अभियान संचालित किया गया। श्रद्धालुओं और आयोजकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया। सफाई कर्मचारियों ने नियमित रूप से कूड़ा संग्रहण एवं उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे आयोजन स्थलों पर स्वच्छता बनी रही।

🔴 आठों जोनों में सघन निगरानी, जलापूर्ति की भी विशेष व्यवस्था

बड़े मंगल के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के सभी आठों जोनों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। जोनल सेनेटरी ऑफिसर्स के नेतृत्व में नगर निगम की टीमें लगातार भंडारा स्थलों का निरीक्षण करती रहीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जलकल विभाग द्वारा शहर के 79 प्रमुख स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जोन में एक अतिरिक्त टैंकर रिफिलिंग हेतु आरक्षित रखा गया, जिससे सभी भंडारा स्थलों पर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम की इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हुआ।

🔴 जोन-2 में लायन एनवायरो ने चलाया विशेष ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ अभियान

लायन एनवायरो लखनऊ द्वारा जोन-2 में बड़े मंगल के अवसर पर विशेष सफाई अभियान एवं ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ का आयोजन किया गया। आयोजन स्थल, भंडारा परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और समयबद्ध निस्तारण की विशेष व्यवस्था की गई। विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग डस्टबिन स्थापित किए गए तथा श्रद्धालुओं और आयोजकों को निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

🔴 जोन-5 में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर दिया गया जोर

लायन एनवायरो लखनऊ द्वारा जोन-5 में भी बड़े मंगल के अवसर पर विशेष सफाई अभियान एवं ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ का सफल संचालन किया गया। आयोजन स्थलों पर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण और निस्तारण की समुचित व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं एवं भंडारा आयोजकों को प्लास्टिक कचरा इधर-उधर न फेंकने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

🔴 प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान 8.0 के तहत डुबग्गा मंडी में निकाली गई जागरूकता रैली

प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान 8.0 के अंतर्गत जोन-6 स्थित डुबग्गा सब्जी एवं फल मंडी में जोनल सेनेटरी ऑफिसर राजेश कुमार, एसएफआई विजेता द्विवेदी एवं एसएफआई रामजीत पांडेय के नेतृत्व में एलएसए की आईईसी टीम द्वारा विशेष जागरूकता अभियान एवं रैली का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान व्यापारियों एवं नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। उपयोग में लाई जा रही पॉलीथीन जब्त की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया। ग्राहकों को कपड़े के थैले वितरित किए गए और दुकानदारों को जूट एवं कपड़े के बैग जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।

🔴 श्रद्धालुओं को दिया गया स्वच्छता एवं जिम्मेदार कचरा निस्तारण का संदेश

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर भंडारों में आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें उपयोग किए गए दोने, पत्तल एवं अन्य अपशिष्ट केवल निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आग्रह किया गया। नगर निगम और सहयोगी एजेंसियों द्वारा चलाए गए इस अभियान ने न केवल स्वच्छता को बढ़ावा दिया, बल्कि ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ की अवधारणा को भी सफलतापूर्वक जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!