Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

बाढ़ से बचाव की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, 5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

वाराणसी में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि गंगा का जलस्तर वर्तमान में करीब 68 मीटर है और यह पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। जिले में गंगा का वार्निंग लेवल 70.262 मीटर, डेंजर लेवल 71.262 मीटर तथा एचएफएल 73.901 मीटर है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, पर्याप्त संख्या में नाव एवं बचाव उपकरण उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने को कहा।


डीएम ने सभी बाढ़ चौकियों पर स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को राहत शिविरों में सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। ढाब क्षेत्र में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और भूसा उपलब्ध कराने तथा उसके वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भूसा वितरण की निगरानी के साथ पशुओं में बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम एवं उच्चाधिकारियों को दी जाए। साथ ही, आमजन को समय से बाढ़ की स्थिति, आवश्यक सावधानियों एवं बचाव संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित करने को भी कहा, जहां पूर्व वर्षों में दुर्घटनाएं हुई हैं। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के साथ नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सदानंद गुप्ता ने बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी जिलाधिकारी को दी। इस अवसर पर एसडीएम सदर नितिन सिंह, कमांडेंट एनडीआरएफ, जल पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पार्षदगण मौजूद रहे।

Pravin Chaubey

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!