उन्नाव:- मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन, पुलिस, पंचायती राज, स्वास्थ विभाग सहित अन्य विभाग उपस्थित!!

उन्नाव से जिला संवाददाता अनुज तिवारी
बताते चलें देश की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जिसके लिए भारत सरकार ने विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया है। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आज गंज मुरादाबाद विकास खंड के गांव मटुकरी में एक चौपाल लगाई गई जिसमे ग्राम पंचायत सचिव शिवम शुक्ला ने महिलाओं को सशक्त करने हेतु चलाई जा रही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में पहुंचे प्रभारी निरीक्षक थाना बेहटा मुजावर मुन्ना कुमार ने उपस्थित नारी शक्ति को महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाले अपराधों की प्रभावी रोकथाम के लिए सरकार द्वारा निर्धारित किये गए हेल्प लाइन नंबर्स की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को 1090 (वूमेन पावर हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) सहित 112, 102, 108, 181 और 1930 जैसे आपातकालीन नंबरों के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया। वरिष्ठ पत्रकार एवं ग्राम प्रधान आई आर साहिल ने अपने संबोधन में कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान और सामूहिक विवाह योजना जैसी सरकारी पहलों की जानकारी दी।

साहिल ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण और कल्याण को बढ़ावा देना है। ग्राम चौपाल में महिलाओं पर हो रहे अपराधों के प्रति उन्हें जागरूक भी किया गया और उनकी समस्याओं का निवारण भी किया गया। चौपाल में उप निरीक्षक सुनील सिंह, महिला आरक्षी रेनु देवी, मंजू, आशा बहू, एनम, बीसी सखी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों सहित भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।



