Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

80वें स्वतंत्रता दिवस पर लखनऊ मंडल में तिरंगा फहराया: DRM गौरव अग्रवाल बोले- कर्मचारी खुशहाल तो रेलवे मजबूत, रेलवे मजबूत तो राष्ट्र मजबूत

बादशाहनगर में हुआ मुख्य समारोह; लखनऊ मंडल की यात्री आय 20% बढ़ी, स्क्रैप बिक्री में पूर्वोत्तर रेलवे में पहला स्थान

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। बादशाहनगर स्थित मनोरंजन संस्थान परिसर में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान गाया।

समारोह को संबोधित करते हुए DRM गौरव अग्रवाल ने रेल यात्रियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमा पर तैनात जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देश में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया है।

🔴 100% विद्युतीकरण पूरा, 14 समपार किए गए समाप्त

DRM ने लखनऊ मंडल की उपलब्धियों का ब्यौरा भी रखा। उन्होंने बताया कि मंडल में 107 क्रॉसिंग स्टेशन और 39 हाल्ट स्टेशन हैं। ब्रॉड गेज लाइन पर मंडल का 100% विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम का भी विस्तार किया जा रहा है।

वर्ष 2026 में अब तक 14 समपार समाप्त किए गए, जबकि 5 स्टेशनों पर लूप लाइन की गति 15 से बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटा की गई। इसके अलावा 52.52 किमी डीप स्क्रीनिंग और 1068 किमी ट्रैक टेम्परिंग का काम पूरा किया गया।

🔴 2.01 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, 558 करोड़ की आय

वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक लखनऊ मंडल में 2.01 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जिससे रेलवे को 558.09 करोड़ रुपए की आय हुई। पिछले वर्ष की तुलना में यात्रियों की संख्या में 6.91% और यात्री आय में 20.08% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

स्क्रैप बिक्री से 25.64 करोड़ रुपए की आय के साथ लखनऊ मंडल पूर्वोत्तर रेलवे के सभी मंडलों में पहले स्थान पर रहा। 34 स्टेशनों पर लगाए गए 80 एटीवीएम के जरिए 35% यात्री आय प्राप्त हो रही है।

🔴 ऐशबाग स्टेशन का हुआ पुनर्विकास

यात्री सुविधाओं के तहत इस वर्ष 2 नई सवारी गाड़ियां और एक जोड़ी मेल एक्सप्रेस शुरू की गई। बस्ती, खलीलाबाद, लखनऊ सिटी, डालीगंज, बादशाहनगर और आनंदनगर सहित 12 स्टेशनों पर कोच गाइडेंस, डिस्प्ले बोर्ड और स्वचालित उद्घोषणा प्रणाली लगाई गई है।

प्रधानमंत्री ने 17 जुलाई 2026 को ऐशबाग स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का लोकार्पण किया था। वहीं, लखनऊ और गोरखपुर स्टेशनों पर 34 प्लास्टिक बॉटल क्रशिंग मशीनें लगाई गई हैं।

🔴 महिला यात्रियों की सुरक्षा पर फोकस

रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए 5.39 करोड़ रुपए की नशीली सामग्री और 28.28 लाख रुपए का सोना बरामद किया। वहीं, ‘मेरी सहेली’ टीम ने 4.49 लाख महिला यात्रियों की सुरक्षा में सहयोग किया। गोरखपुर-बाराबंकी सेक्शन में 66.54 किमी सुरक्षा फेंसिंग भी की गई है।

🔴 DRM बोले- आप लोग हैं तो रेल चलती है

रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए गौरव अग्रवाल ने कहा, “आप लोग हैं तो रेल चलती है। आप भारतीय रेल के गौरव हैं। आपकी मेहनत से ट्रेन चलती है, यात्रियों को सुरक्षा मिलती है और देश आगे बढ़ता है।”

उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारी को केवल काम करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि रेल परिवार का सदस्य माना जाना चाहिए। “कर्मचारी खुशहाल तो रेलवे मजबूत और रेलवे मजबूत तो राष्ट्र मजबूत।”

🔴 कलाकारों और प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल कलाकारों, मनोरंजन संस्थान के शिक्षकों, स्काउट एवं गाइड के बच्चों और टैलेंट हंट प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद मंडल चिकित्सालय बादशाहनगर में DRM गौरव अग्रवाल और पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता सहित पदाधिकारियों ने मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू, शाखाधिकारी, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेल कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!