किसानों के पाइप और उपकरण दूसरे जिलों में भेजने का आरोप,

वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल, स्टॉक रजिस्टर और लाभार्थियों की जांच की मांग।
एटा। किसानों को सरकारी योजना के तहत मिलने वाले ड्रिप, स्प्रिंकलर, पाइप और अन्य उपकरणों की कथित सप्लाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि एटा के विरामपुर स्थित एक फर्म से सरकारी योजना से संबंधित सामान दूसरे जनपदों और प्रदेशों में भेजा जा रहा है।
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें कैंटर में सामान लादकर ले जाते हुए दिखाया गया। वाहन संख्या यूपी 86 टी 9906 बताए जाने के बाद स्थानीय लोगों और किसानों ने पूरे मामले की जांच की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि यदि सामान किसानों के लिए स्वीकृत है तो इसकी सप्लाई दूसरे स्थान पर किस आधार पर की जा रही है। मामले में विभागीय रिकॉर्ड, लाभार्थी किसानों की सूची, स्टॉक रजिस्टर, बिल-बाउचर और वाहन से भेजे गए सामान की जांच कराने की मांग की गई है।
हालांकि इस संबंध में संबंधित फर्म और उद्यान विभाग के अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



