केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं : प्रो. एसपी सिंह बघेल,

आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा, पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने की अपील।
जलेसर/एटा। सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शिविर में पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से आमजन के लिए सैकड़ों योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इनका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। योजना के तहत पात्र परिवार को साल में पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिलती है।
उन्होंने पालिका सभासदों और ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे वर्ष 2011 की सूची के आधार पर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना और दुर्घटना बीमा सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी। शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह हैप्पी ने पगड़ी पहनाकर एवं भगवान शिव का त्रिशूल भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्र सहित भाजपा नेता, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





