Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

विकसित भारत 2047 की थीम पर रंगोली प्रतियोगिता, उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर विजेता

वाराणसी के चौबेपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत चौबेपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर परिसर में न्याय पंचायत स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम ‘विकसित भारत 2047’ रखी गई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र महिला मोर्चा भाजपा की महामंत्री इंजीनियर अपराजिता सोनकर, विशिष्ट अतिथि उप जिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज तथा भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शारदा चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।


प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर को प्रथम, सनशाइन एकेडमी चौबेपुर को द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय बर्थरा खुर्द को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता टीम को गोल्ड, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को सिल्वर तथा तृतीय स्थान वाली टीम को ब्रॉन्ज मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अपराजिता सोनकर ने कहा कि आज के बच्चे ही वर्ष 2047 के विकसित भारत के सपनों को साकार करने वाले कर्णधार हैं। उप जिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन आवश्यक है। खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने प्रतिभागी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन भारतीश मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन चुमकुनी के प्रधानाध्यापक दुर्गेश चौबे ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान चौबेपुर राघवेंद्र जायसवाल, ग्राम प्रधान सुंगुलपुर साधना सिंह, ज्योति सिंह, निर्मला चौबे, नोडल संकुल शिक्षक योगेंद्र प्रताप यादव, सुलेखा पाण्डेय, मधुबाला, अनुराधा, आत्मिका, आकांक्षा, संजय राज, संजय यादव, कमलेश कुमार, अंकुठ सिंह, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
चोलापुर ब्लॉक की अन्य न्याय पंचायतों में भी न्याय पंचायत स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रत्येक न्याय पंचायत की विजेता टीम 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।

Pravin Chaubey

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!