Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

जोन-3 के फैजुल्लागंज में सफाई व्यवस्था बेपटरी, बजबजाती नालियां और सड़कों पर कूड़े का ‘साम्राज्य’

डिडौली मार्ग, भरत नगर, प्रीति नगर, शिवाजी नगर और केशव नगर में गंदगी से परेशान लोग; फॉगिंग-एंटी लार्वा छिड़काव न होने का आरोप, सफाई निरीक्षकों की निगरानी पर सवाल

लखनऊ। नगर निगम जोन-3 के फैजुल्लागंज और सीतापुर रोड से जुड़े इलाकों में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। डिडौली मार्ग, भरत नगर, प्रीति नगर के साथ शिवाजी नगर और केशव नगर में भी कई स्थानों पर नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं। नालियों में झाड़ियां उग आई हैं और जगह-जगह जमा कूड़े से उठती दुर्गंध लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है।

🟥 नालियों में झाड़ियां, गंदगी और मच्छरों से परेशान लोग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं होती। सफाई कर्मचारी कभी-कभार दिखाई देते हैं, जबकि नालियों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। लोगों का कहना है कि न तो नियमित फॉगिंग होती है और न ही एंटी लार्वा का छिड़काव दिखाई देता है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बीच लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है।

🟥 सफाई निरीक्षकों की मॉनिटरिंग पर उठे सवाल

क्षेत्र की मौजूदा स्थिति सीधे सफाई व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है। यदि कर्मचारी नियमित नहीं पहुंच रहे, नालियां गंदगी से भरी हैं और सड़कों पर कूड़ा जमा है तो संबंधित सफाई निरीक्षक आखिर मॉनिटरिंग कैसे कर रहे हैं? स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद भी स्थिति में सुधार न होना जोन-3 की सफाई व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।

🟥 चुनावी लिखावट के नीचे कूड़े का ढेर, तस्वीर खुद बता रही सफाई का हाल

क्षेत्र में एक जगह दीवार पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज बोरा के समर्थन में चुनाव के दौरान की गई पुरानी वॉल पेंटिंग दिखाई देती है और ठीक उसके नीचे बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा है। चुनावी दौर की लिखावट और उसके नीचे फैला कूड़ा इलाके की मौजूदा सफाई व्यवस्था की तस्वीर बयां कर रहा है।

🟥 डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी नियमित नहीं होने का आरोप

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी नियमित नहीं आती और कई बार लंबे अंतराल के बाद दिखाई देती है। सवाल यह है कि जब घरों से नियमित कूड़ा नहीं उठेगा तो आखिर वह जाएगा कहां? सड़कों और खाली स्थानों पर जमा होता कूड़ा व्यवस्था की कमजोरी की ओर इशारा कर रहा है।

🟥 पक्ष जानने जोनल कार्यालय पहुंचे सूचना इंडिया के राज्य संवाददाता

जोन-3 की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए सूचना इंडिया के राज्य संवाददाता मनीष मिश्रा जोनल अधिकारी अजीत राय और संबंधित सफाई निरीक्षकों से मिलने जोनल कार्यालय पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि दोपहर 3:30 बजे से नगर आयुक्त गौरव कुमार स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक ले रहे हैं, जिसमें संबंधित अधिकारी गए हुए हैं।

इससे पहले जोनल अधिकारी अजीत राय से फोन पर भी उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। ऐसे में क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और स्थानीय लोगों की शिकायतों पर उनका पक्ष नहीं मिल सका। अधिकारियों का पक्ष मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

🟥 गंदगी सिर्फ सफाई नहीं, सार्वजनिक स्वास्थ्य से भी जुड़ा सवाल

फैजुल्लागंज जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में बजबजाती नालियां, दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और सड़क किनारे जमा कूड़ा केवल सफाई का मुद्दा नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से भी जुड़ा विषय है। स्थानीय लोगों की शिकायतों को देखते हुए नालियों की सफाई के साथ फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव की नियमित व्यवस्था की जरूरत दिखाई दे रही है।

🟥 आखिर जिम्मेदारी किसकी, कब सुधरेंगे हालात?

अब सवाल यह है कि जोन-3 के सफाई निरीक्षकों की निगरानी में डिडौली मार्ग, भरत नगर, प्रीति नगर, शिवाजी नगर और केशव नगर की यह स्थिति क्यों बनी हुई है? नगर निगम यहां नियमित सफाई, नाला सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कब सुनिश्चित करेगा?

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!