Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़फटाफट खबरेंलखनऊ

मल्लाही टोला द्वितीय वार्ड में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, खाली प्लॉट बने कूड़ाघर

लखनऊ।नगर निगम के जोन-6 अंतर्गत आने वाले मल्लाही टोला द्वितीय वार्ड में सफाई व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। क्षेत्र के कई खाली प्लॉट कूड़ा घर में तब्दील हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई न होने से गंदगी बढ़ती जा रही है और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

मिरान साहब इमामबाड़ा क्षेत्र में कूड़े का अंबार

मुफ्तीगंज-दौलतगंज स्थित मिरान साहब इमामबाड़ा के आसपास कई खाली प्लॉटों में लगातार कूड़ा फेंका जा रहा है। दिन-प्रतिदिन कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है, लेकिन नगर निगम की ओर से इसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही। दुर्गंध और गंदगी से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है।

जफारिया कॉलोनी में महीनों से नहीं पहुंचा सफाई कर्मी

जफारिया कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि महीनों से इलाके में कोई सफाई कर्मी नहीं आया। नालियों की सफाई न होने से गंदगी सड़कों तक फैल रही है और जगह-जगह प्लास्टिक कचरे और झाड़ियों का जमावड़ा लगा हुआ है।

खाली प्लॉटों में झाड़ियां और प्लास्टिक से बढ़ा बीमारी का खतरा

मल्लाही टोला द्वितीय वार्ड के कई खाली प्लॉटों में झाड़ियां और प्लास्टिक कचरा जमा है। इससे मच्छरों की संख्या बढ़ गई है और क्षेत्र में संक्रमण व बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जोन-6 के जोनल सेनेटरी अफसर राजेश यादव और एसएफआई राम जीत पाण्डेय की जिम्मेदारी होने के बावजूद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल है। लोगों का कहना है कि दोनों अधिकारियों की कार्यशैली के चलते इलाके में गंदगी का अंबार लगा है।

कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन

नगर निगम के जोनल अधिकारी के रूप में तैनात अमरजीत यादव पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। आरोप है कि शिकायतों के बाद केवल कार्रवाई का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई की स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखाई देता।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मल्लाही टोला द्वितीय वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाकर खाली प्लॉटों से कूड़ा हटाया जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!