पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की लखनऊ महानगर कार्यशाला सम्पन्न, 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर दो दिवसीय कार्यशालाएं होंगी आयोजित

लखनऊ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत लखनऊ महानगर की कार्यशाला हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट सभागार में सम्पन्न हुई। कार्यशाला को प्रदेश महामंत्री संजय राय, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने संबोधित किया।
प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं की क्षमता, दक्षता और वैचारिक मजबूती का विकास होता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पार्टी की सतत प्रक्रिया और संगठन का अभिन्न अंग है। व्यक्ति निर्माण से ही सशक्त संगठन का निर्माण संभव है। उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर दो दिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रात्रि प्रवास भी शामिल रहेगा।
डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रकाश स्तंभ है। राष्ट्र प्रथम, एकात्म मानववाद, अंत्योदय और अनेकता में एकता की अवधारणा पार्टी की मूल विचारधारा है। प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संस्थापक नेताओं के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि इससे सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होगी।
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान संगठनात्मक एकजुटता को सुदृढ़ करेगा और आगामी दायित्वों के निर्वहन में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि कार्यशाला में बड़ी स्क्रीन पर पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से पार्टी के नवाचार, पंच परिवर्तन, आगामी कार्यक्रमों और करणीय कार्यों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में अवध क्षेत्र, लखनऊ महानगर और मंडल स्तर के पदाधिकारी, संयोजक एवं सहसंयोजक उपस्थित रहे।
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।




