पारिवारिक कलह में ट्रैक्टर मिस्त्री ने फांसी लगाकर दी जान,

नेहरू नगर में 29 वर्षीय युवक की मौत से मचा हड़कंप, भाई ने ससुराल पक्ष पर लगाए प्रताड़ना के आरोप।
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के नेहरू नगर में सोमवार को पारिवारिक कलह के चलते 29 वर्षीय ट्रैक्टर मिस्त्री ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान ओमवीर उर्फ भोला पुत्र सतीश के रूप में हुई है। बताया गया कि पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच-पड़ताल की।
मृतक के भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर युवक के साथ मारपीट और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।




