अवैध कूड़ा ढोने वाले ठेलों के खिलाफ नगर निगम का विशेष अभियान, कई ठेले जब्त

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा अवैध रूप से कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन करने वाले ठेलों के खिलाफ शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर जोन-8 के विद्यावती तृतीय वार्ड क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान उन ठेलों को चिन्हित कर जब्त किया गया जो नगर निगम की अधिकृत व्यवस्था से इतर अवैध रूप से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण कर रहे थे। निगम अधिकारियों के अनुसार ऐसे ठेले शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ ही अनियमित तरीके से कूड़ा फेंकने की समस्या को भी बढ़ावा देते हैं।


कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी विकास सिंह जोनल सेनेटरी अधिकारी जितेंद्र गांधी विशेष रूप से सक्रिय नजर आए। उन्होंने अभियान की निगरानी करते हुए संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। नगर निगम के सहयोगी संस्था लॉयन एनवायरो की टीम ने भी अभियान में भाग लेते हुए बड़ी संख्या में अवैध कूड़ा ढोने वाले ठेलों को पकड़ा।


नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पूर्व में भी इस प्रकार के अभियान चलाए जा चुके हैं। अवैध रूप से कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी ताकि नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल नगर निगम द्वारा अधिकृत कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का ही उपयोग करें तथा किसी भी अवैध कूड़ा संग्रहण गतिविधि की सूचना नगर निगम को दें।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

