वृद्धाश्रम पहुंचीं महापौर, वरिष्ठजनों संग मनाई होली

लखनऊ। होली के अवसर पर गुरुवार को नगर निगम के जोन-7 अंतर्गत आदिल नगर स्थित वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वरिष्ठजनों से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।

महापौर ने वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके आशीर्वाद और सीख से ही समाज को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर वरिष्ठजनों के बीच पहुंचना और उनका आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में उत्सव जैसा माहौल रहा। महापौर ने सभी वरिष्ठजनों को होली की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और प्रसन्न जीवन की कामना की। वृद्धजनों ने भी महापौर के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय पार्षद शिवम उपाध्याय, पार्षद प्रतिनिधि दीपक तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताया और होली के पर्व पर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।




