🟥 उत्तर रेलवे का सघन अभियान, एक व्यक्ति को RPF के हवाले किया गया
लखनऊ। यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और अधिकृत खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल लगातार विशेष जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार को वाराणसी स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
🟥 एडीआरएम और स्टेशन निदेशक ने की संयुक्त जांच उत्तर रेलवे के अनुसार, अपर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी बी.के. यादव और स्टेशन निदेशक वाराणसी अर्पित गुप्ता ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर और ट्रेनों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर खड़ी गाड़ी संख्या 15743 फरक्का एक्सप्रेस में अनधिकृत रूप से ले जाई जा रही पेय सामग्री पकड़ी गई।
🟥 फरक्का एक्सप्रेस से बरामद हुई बड़ी खेप जांच के दौरान ट्रेन से 28 पेटी पानी और 10 पेटी मैंगो जूस बरामद किया गया। रेलवे अधिकारियों ने मौके से एक व्यक्ति को भी पकड़ लिया, जिसे आगे की विधिक कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) वाराणसी को सौंप दिया गया।
🟥 यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता पर रेलवे सख्त उत्तर रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए रेलवे परिसरों और ट्रेनों में अनधिकृत खाद्य एवं पेय सामग्री के विक्रय और परिवहन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।