Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
फटाफट खबरेंब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ

चिनहट द्वितीय वार्ड में जलकल विभाग की लापरवाही, सड़कों पर बह रहा पानी

लखनऊ । नगर निगम के जोन-4 अंतर्गत चिनहट सेकंड वार्ड में जलकल विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विभूति खंड स्थित सिनेपोलिस और एल्डेको एलिगेंट के सामने बीते कई दिनों से पानी सड़कों पर बह रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

सड़कों पर बह रहा साफ पानी, नहीं दिख रही जिम्मेदारी

विभूति खंड के व्यस्त इलाके में लगातार पानी बहने से न केवल जल की बर्बादी हो रही है, बल्कि राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जल संरक्षण की बात करने वाला विभाग खुद ही लापरवाही क्यों बरत रहा है।

पार्षद की शिकायत भी बेअसर

स्थानीय पार्षद शैलेन्द्र वर्मा द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा के पास जलभराव की शिकायत भी संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पार्षद का पक्ष:

पार्षद शैलेंद्र वर्मा का कहना है कि समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता तक को अवगत कराया गया, बावजूद इसके जलकल विभाग ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। इससे स्पष्ट है कि जनप्रतिनिधियों की बातों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

करोड़ों के बजट के बावजूद जमीनी हालात खराब

जलकल विभाग को हाल ही में करोड़ों रुपये का बजट मिला है, लेकिन धरातल पर स्थिति सुधारने के बजाय फाइलों तक ही सीमित नजर आ रही है। क्षेत्रीय स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

ठेकेदारों के काम पर सवाल, कार्रवाई शून्य

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि जहां ठेकेदारों के कार्य होते हैं, वहां अनियमितताओं के बावजूद कार्रवाई नहीं होती। इससे विभागीय कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जूनियर इंजीनियर पर फिर उठे सवाल

जोन-4 में तैनात जूनियर इंजीनियर पूजा पल्लवी की कार्यशैली को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनाती और लगातार सामने आ रही समस्याओं के बावजूद सुधार न होना विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि शिकायतों के बावजूद जमीनी कार्रवाई नजर नहीं आती, जिससे जिम्मेदारों की सक्रियता पर संदेह गहराता जा रहा है।

जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ रही परेशानी

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं।

मनीष मिश्रा की कलम से:

चिनहट द्वितीय वार्ड में बहता पानी सिर्फ जल की बर्बादी नहीं, बल्कि जलकल विभाग की कार्यशैली पर बहता हुआ सवाल है। करोड़ों के बजट और लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद अगर हालात जस के तस हैं, तो जिम्मेदारी तय होना जरूरी है। हैरानी इस बात की है कि पहले भी कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ चुके हैं, लेकिन सुधार की जगह वही ढर्रा जारी है। सवाल साफ है—क्या फाइलों में ही समाधान होगा या जमीन पर भी कुछ नजर आएगा?

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!