Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
स्मार्ट सिटीफटाफट खबरेंलखनऊ
Trending

साफ सड़कों पर भ्रष्टाचार की खुदाई: लखनऊ में नगर निगम की अनोखी कलाकारी का पर्दाफाश

Excavation of Corruption on Clean Roads: The Unique Artistry of Lucknow Municipal Corporation

साफ सड़कों पर भ्रष्टाचार की खुदाई: लखनऊ के मोतीझील में नगर निगम लखनऊ की अनोखी कलाकारी

मोतीझील जहां सड़कें चलने के लिए होती हैं, वहीं लखनऊ के नगर निगम का मानना है कि वे खुदाई और मरम्मत के लिए भी बनी हैं। मोतीझील कॉलोनी में एक साफ-सुथरी और दुरुस्त सड़क को तोड़कर दोबारा बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा है। स्थानीय निवासी अमित अग्रवाल ने इस कारनामे को ‘भ्रष्टाचार का खेल’ करार दिया है और आरोप लगाया है कि नगर निगम के अधिकारी और नेता मिलकर जनता के पैसे का ‘बंदरबांट’ कर रहे हैं।

जोन- 2 के अधिकारियों का ‘सड़क ज्ञान’ या ‘धन ज्ञान’?

नगर निगम जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता अशोक यादव ने इस मामले को अनदेखा करने का नया रिकॉर्ड बना दिया है। वहीं, जूनियर इंजीनियर की ‘मिलीभगत’ ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि इस ‘सड़क पुनर्निर्माण’ के खेल में कोई कसर न छूटे। सवाल उठता है कि अगर सड़क पर जलभराव नहीं हो रहा था, किसी को परेशानी नहीं थी, तो क्यों इस सड़क को तोड़कर दोबारा बनाया जा रहा है?

महापौर का ‘रोड रजिस्टर’ आदेश हवा में!

महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम को ‘रोड रजिस्टर’ बनाने का निर्देश दिया था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस सड़क का निर्माण कब हुआ और उसकी स्थिति क्या है। लेकिन, लगता है यह आदेश ‘जोन 2’ में किसी फाइल के नीचे दबा पड़ा है। अगर यह रजिस्टर होता, तो पता चल जाता कि जिस सड़क पर अभी ‘चमचमाती’ परत चढ़ाई गई थी, उसे दोबारा बनाने की जरूरत क्यों पड़ी।

अमित अग्रवाल का सवाल: जरूरतमंद इलाकों का क्या?

स्थानीय निवासी अमित अग्रवाल ने व्यंग्यात्मक लहजे में सवाल उठाया, “नगर निगम शायद इस बात से डरता है कि कहीं यह सड़क ज्यादा दिनों तक ठीक रही, तो ठेकेदारों और अधिकारियों के ‘लाभ’ में कमी आ जाएगी। क्या यह पैसा उन इलाकों में नहीं लगाया जा सकता, जहां सड़कें सच में टूटी-फूटी हैं या जहां नालियां सही करने की जरूरत है?”

Pandit Kheda ka Nala: महापौर से मुलाकात, अधूरे पड़े आरसीसी नाले के निर्माण की मांग

नगर आयुक्त से जांच की मांग

इस पूरे मामले पर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। यह जानना बेहद जरूरी है कि ‘अच्छी सड़कों की खुदाई’ आखिर किस ‘सड़क नीति’ का हिस्सा है।

“लखनऊ में ‘सड़क सुधार योजना’ का मतलब अब ‘साफ सड़कों को दोबारा तोड़ने’ की कला हो गई है। नगर निगम की यह ‘कला’ देखकर जनता हैरान है। क्या नगर निगम को ‘सड़क कला सम्मान’ मिलना चाहिए?”

सड़क के इस ‘मूक गवाह’ ने यह रिपोर्ट भेजी है। पाठकों की राय का इंतजार है – आखिर क्या है ‘सड़क सुधार’ का सही मतलब?

मनीष मिश्रा

मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 5 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!