Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

जोन-3 में सफाई व्यवस्था फिर बेनकाब: रिपोर्ट के अगले दिन भी जस की तस गंदगी, केवल घास काटकर निभाई औपचारिकता

जोनल अधिकारी ने सुपरवाइजर पर फोड़ा जिम्मेदारी का ठीकरा, 50 सफाईकर्मियों की तैनाती के बावजूद सड़कों पर नहीं दिखी सफाई

लखनऊ। नगर निगम के जोन-3 की सफाई व्यवस्था पर उठे सवालों के बाद भी हालात में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दिया। जिस स्थान पर गंदगी, कूड़े के ढेर, बदबूदार नालियों और झाड़ियों की समस्या उजागर की गई थी, वहां शुक्रवार को भी अधिकांश स्थिति पहले जैसी ही बनी रही। केवल जोनल कार्यालय के आसपास घास कटवाकर कार्रवाई का दिखावा किया गया, जबकि मूल समस्याएं जस की तस बनी रहीं।

🟪 सुपरवाइजर पर जिम्मेदारी, लेकिन जवाबदेही किसकी?

जोनल अधिकारी मनोज यादव ने बताया कि संबंधित क्षेत्र की जिम्मेदारी सुपरवाइजर सलमान खान के पास थी और उन्होंने अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया। सवाल यह है कि यदि सुपरवाइजर लापरवाही कर रहा था तो समय रहते उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या पूरी व्यवस्था केवल एक कर्मचारी के भरोसे चल रही थी या निगरानी तंत्र ही निष्क्रिय है?

🟪 50 सफाईकर्मी तैनात, फिर भी मैदान में कोई नहीं

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार अलीगंज वार्ड में सत्यवान इंटरप्राइजेज के लगभग 50 सफाईकर्मी तैनात हैं। यदि वास्तव में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारी नियमित रूप से कार्य कर रहे हैं तो इलाके में कूड़े के ढेर, जाम नालियां और झाड़ियों का अंबार आखिर कैसे बना हुआ है? स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारी कभी दिखाई ही नहीं देते। ऐसे में कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति और कार्य का स्वतंत्र सत्यापन कराया जाना चाहिए।

🟪 एसएफआई की निगरानी पर भी उठे सवाल

सफाई व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सफाई निरीक्षक (SFI) की होती है, लेकिन क्षेत्र की बदहाल स्थिति यह संकेत देती है कि निरीक्षण और मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से नहीं हो रही। यदि नियमित निरीक्षण होता तो गंदगी इतनी गंभीर स्थिति तक नहीं पहुंचती। अब सवाल यह भी है कि जिम्मेदारी केवल सुपरवाइजर तक सीमित रहेगी या निरीक्षण तंत्र की भी समीक्षा होगी।

🟪 ठेकेदार संस्था की कार्यप्रणाली पर जांच जरूरी

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कागजों में दर्ज कर्मचारियों और जमीन पर काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या का मिलान कराया जाए तो कई सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं। सफाई कार्य कराने वाली संस्था की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और भुगतान प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो रही है।

(कल की फ़ोटो)

🟪 पार्षद पृथ्वी गुप्ता की चुप्पी भी चर्चा में

यह पूरा क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य एवं स्थानीय पार्षद पृथ्वी गुप्ता के वार्ड में आता है, लेकिन लगातार शिकायतों और गंदगी के बावजूद इस मुद्दे पर कोई प्रभावी सार्वजनिक हस्तक्षेप दिखाई नहीं दिया। स्थानीय लोग मानते हैं कि जनप्रतिनिधियों को भी सफाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा कर जवाबदेही तय करानी चाहिए।

🟪 नगर निगम के आदेशों का नहीं दिख रहा असर

नगर आयुक्त समय-समय पर सफाई व्यवस्था सुधारने और जवाबदेही तय करने के निर्देश देते रहे हैं तथा महापौर भी लगातार स्वच्छता पर जोर देती रही हैं। इसके बावजूद यदि नगर निगम के अपने जोनल कार्यालय के आसपास ही व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है, तो शहर के अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

🟪 स्वच्छता रैंकिंग पर भी पड़ सकता है असर

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह सफाई व्यवस्था कागजों तक सीमित रही तो लखनऊ की स्वच्छता रैंकिंग पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नागरिकों का कहना है कि अब केवल बैठकों और निर्देशों से नहीं, बल्कि वास्तविक जवाबदेही तय करने और नियमित फील्ड मॉनिटरिंग से ही व्यवस्था सुधर सकती है।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, प्रदेश की राजनीति और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!