Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

UP NEWS:- कांग्रेस की प्रेस वार्ता में पत्रकारों को ही नहीं मिली जगह, बिना सवाल-जवाब के खत्म हुआ कार्यक्रम

पूर्वांचल न्यूज ब्यूरों।

संगठन सृजन अभियान को लेकर बुलाई गई प्रेस वार्ता में कार्यकर्ताओं ने संभाल लीं कुर्सियां, मीडिया कर्मी रहे खड़े

पत्रकार सुशील कुमार स्वामी

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत मंगलवार को जौनपुर पहुंचे राष्ट्रीय प्रभारी सीपी मित्तल की प्रेस वार्ता, स्थानीय एक होटल में, अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। प्रेस वार्ता के लिए बुलाए गए पत्रकारों को बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं मिल सकी। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधिकांश कुर्सियों पर कब्जा कर लिया, जिसके चलते कई मीडिया कर्मियों को खड़े होकर कार्यक्रम देखना पड़ा।
प्रेस वार्ता का उद्देश्य संगठन सृजन अभियान को लेकर पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना था। पत्रकारों को उम्मीद थी कि राष्ट्रीय प्रभारी से संगठन की मजबूती, जौनपुर में पार्टी के कमजोर होते जनाधार, बूथ स्तर पर संगठन खड़ा करने, युवाओं को जोड़ने और आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर सीधे सवाल पूछने का अवसर मिलेगा। लेकिन कार्यक्रम में ऐसी स्थिति बनी कि पत्रकारों के लिए सवाल पूछने का अवसर ही नहीं आया।


बताया गया कि प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय प्रभारी ने कांग्रेस संगठन से संबंधित विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का स्वरूप प्रेस वार्ता के बजाय कार्यकर्ताओं की बैठक जैसा नजर आया। नतीजतन मीडिया कर्मी राष्ट्रीय प्रभारी से कोई सवाल नहीं पूछ सके और प्रेस वार्ता बिना प्रश्नोत्तर के ही समाप्त हो गई।


पत्रकारों के बीच इस बात को लेकर नाराजगी भी देखी गई कि जब कार्यक्रम को प्रेस वार्ता के रूप में आयोजित किया गया था तो मीडिया के लिए बैठने और प्रश्न पूछने की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की गई। खासकर राष्ट्रीय स्तर के नेता के सामने जौनपुर में कांग्रेस के संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे जाने थे, लेकिन अव्यवस्था के कारण वे सवाल अनुत्तरित रह गए।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों की भूमिका केवल खबर सुनने तक सीमित रह जाने से कार्यक्रम के आयोजन पर सवाल खड़े हुए। यदि प्रेस वार्ता में पत्रकारों को सवाल पूछने का अवसर ही न मिले तो उसके आयोजन का उद्देश्य कितना पूरा हुआ।जौनपुर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

पूर्वांचल न्यूज ब्यूरों

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!