ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों, रेजिडेंट्स व कर्मचारियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, A+ और AB+ रक्त समूह के मरीजों को मिलेगी राहत

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में महिला संकाय सदस्यों और कर्मचारियों की पहल पर स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा और आकृति मिश्रा ने किया। इस दौरान डॉक्टरों, रेजिडेंट्स और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रो. विकास अग्रवाल, डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. भूपेंद्र कुमार चौधरी, अली वीणांश यादव, डॉ. अनुप कुमार, डॉ. पायल गुप्ता समेत कई चिकित्सकों और कर्मचारियों ने रक्तदान किया। विभाग की महिला संकाय सदस्यों ने जनसेवा की भावना के साथ आगे आकर रक्तदान कर मरीजों की मदद करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से A+ (पॉजिटिव) और AB+ (पॉजिटिव) रक्त समूह के मरीजों की सहायता करना है। विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि यह रक्तदान महिला मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों के उपचार में सहायक सिद्ध होगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर की गई यह पहल समाज में महिलाओं की संवेदनशीलता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।
विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा ने रक्तदान के लाभ बताते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन महीने में रक्तदान कर सकता है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है और हृदय रोगों का खतरा भी कम हो सकता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान के बाद शरीर कुछ ही दिनों में नया रक्त बनाना शुरू कर देता है, जिससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है।
उन्होंने यह भी बताया कि रक्तदान के बाद रक्त की विभिन्न प्रकार की जांचें जैसे HIV, HCV, HBsAg, Syphilis और Malaria आदि की जाती हैं, जिससे रक्त पूरी तरह सुरक्षित रहता है। रक्तदान से शरीर में नई और ताकतवर रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।

इस मौके पर ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों, रेजिडेंट्स और कर्मचारियों ने जनसेवा के उद्देश्य से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त आपूर्ति में सहयोग दिया।
प्रो. के.के. सिंह, अधिष्ठाता पैरामेडिकल संकाय, केजीएमयू ने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि संस्थान के चिकित्सक, एमबीबीएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं भी समय-समय पर रक्तदान कर मरीजों की मदद करते रहते हैं।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।




