रेलवे स्टेडियम चारबाग में अधिकारियों, कर्मचारियों व परिवारजनों ने किया योगाभ्यास
लखनऊ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही।
🔴 प्रधानमंत्री का संबोधन और अधिकारियों की सहभागिता
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सजीव प्रसारण तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा एवं संगठन की सदस्याओं ने भी सहभागिता की।
🔴 योग को जीवनशैली बनाने का आह्वान
मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को भी मजबूत बनाता है।
🔴 योगासन और प्राणायाम का कराया अभ्यास
योग प्रशिक्षक कृष्ण बिहारी बाजपेयी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। भद्रासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पवनमुक्तासन सहित कई योग क्रियाओं के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
🔴 स्वास्थ्य शिविर में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के साथ उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की गई।
🔴 स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया गया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन एवं स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।