
यू.बी. सिंह की खास रिपोर्ट
नई दिल्ली / कानपुर:
कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में 45वें राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के अवसर पर भव्य व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह विशाल आयोजन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्र के कुशल दिशानिर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उपस्थित रहे। सम्मेलन में देशभर से आए व्यापारी प्रतिनिधियों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ भाग लिया और वर्तमान परिदृश्य में व्यापारियों के सामने आ रही चुनौतियों व उनके समाधान पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से जीएसटी (GST) से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और ऑनलाइन ट्रेडिंग (ई-कॉमर्स) के कारण परंपरागत व्यवसायियों के समक्ष उत्पन्न संकट पर व्यापक चर्चा हुई। व्यापारियों ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिस पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों के प्रमुखों से शीघ्र चर्चा कर समाधान का आश्वासन दिया।
कानपुर की बंद मिलों का मुद्दा प्रमुखता से उठा
समारोह में कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर एवं दक्षिण के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी संयुक्त रूप से सहभागिता की। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर के अध्यक्ष सुनील बजाज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कानून मंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का मुख्य बिंदु कानपुर नगर में लंबे समय से बंद पड़ी औद्योगिक मिलों को पुनः संचालित करना था, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को नया जीवन मिल सके तथा विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य के सरकारी विभागों द्वारा किये जा रहे व्यापारिक उत्पीड़न पर भी प्रमुखता से कार्यवाही करने की मांग उठाई गई। केंद्रीय मंत्री ने इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर के महामंत्री कृपाशंकर त्रिवेदी, प्रदेश युवा महामंत्री संत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल त्रिपाठी, दक्षिण के कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी उदय भान सिंह, प्रदीप पांडे तथा जमुना प्रसाद वर्मा सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







