Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

पहले ई-रिक्शा से शव लेकर भागे परिजन, फिर पुलिस ऑटो से शव लेकर पहुंची अस्पताल

वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाचमोचन कुंड में बुधवार सुबह स्नान करने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ी मलदहिया निवासी राजू कुमार उर्फ दीपक (34) पुत्र स्व. लालजी के रूप में हुई। घटना के बाद पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई। परिजन शव को ई-रिक्शा से लेकर घर चले गए। बाद में पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को दोबारा कब्जे में लिया और ऑटो रिक्शा से कबीर चौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया।


जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे राजू कुमार उर्फ दीपक अपने दो साथियों करन राजभर (36) निवासी चोलापुर और लखन निवासी मलदहिया के साथ पिशाचमोचन कुंड में स्नान करने पहुंचा था। पुलिस के अनुसार तीनों के नशे में होने की बात सामने आई है। स्नान के दौरान राजू गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला और एंबुलेंस से कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल भेजा।


अस्पताल में शव पहुंचने के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया। इसी दौरान परिजनों ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी से जोर-जबरदस्ती करते हुए शव को अपने साथ ले जाने की बात कही और ई-रिक्शा से शव लेकर घर चले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना सिगरा पुलिस फोर्स के साथ मृतक के घर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाया और शव को दोबारा कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद शव को ऑटो रिक्शा से कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।


सिगरा पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही शव छीनने और हंगामे की चर्चाओं को लेकर स्पष्ट किया कि परिजन शव को पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कहते हुए अपने साथ ले गए थे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव को पुनः अस्पताल लाया गया। पुलिस के अनुसार मौके पर वर्तमान में शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
पिशाचमोचन कुंड को स्थानीय स्तर पर ‘भूत तालाब’ के नाम से भी जाना जाता है। यहां धार्मिक मान्यताओं के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुंड में पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुलिस ने लोगों से जलाशय में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Pravin Chaubey

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!