जर्जर दीवार से स्कूली बच्चों को खतरा

बारिश से मकान क्षतिग्रस्त, जर्जर दीवार से स्कूली बच्चों को खतरा
पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के ग्राम अक्वाबाद में लगातार हुई बारिश के कारण सावेंद्र और देवेंद्र का मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के समीप स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों पर जर्जर दीवार से खतरे की आशंका को लेकर प्रधानाचार्य ने तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार विजय रंजन ने कानूनगो अजय सिंह, लेखपाल रविकांत एवं ग्राम प्रधान की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान प्रभावित परिवारों को जर्जर दीवार तत्काल हटाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम पंचायत भवन में रहने के लिए अवगत कराया गया। राजस्व टीम ने दैवीय आपदा से प्रभावित व्यक्तियों के नाम भी दर्ज किए। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार दैवीय आपदा के अंतर्गत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पत्रावली जल्द प्रेषित कर दी गई है। वहीं विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जर्जर दीवार को हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



