‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंजा उन्नाव!!

उन्नाव से जिला संवाददाता अनुज तिवारी
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर नगर में तैयारियां पूरी हो गई हैं। सोमवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना श्रद्धा और भक्ति के साथ की जाएगी। गणेश महोत्सव को लेकर नगर में करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर आकर्षक गणपति पंडाल सजाए गए हैं।
नगर के मोहल्ला खत्रियाना स्थित गणेश महोत्सव भवन में गणेश महोत्सव का 33वां भव्य आयोजन सोमवार से शुरू होगा। आयोजन के दौरान सर्वप्रथम भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीधाम वृंदावन से पधारे प्रख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से छह दिवसीय गणेश कथा एवं गुणगान होगा। वहीं रात्रि 8 बजे से रात 10:30 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। आगामी 20 सितंबर को विशाल गणेश शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इसके अलावा नगर के उन्नाव, गंगाघाट, छोटी बाजार, अस्पताल रोड, सिद्धार्थ नगर, कटरा, न्यू कटरा, पटेल नगर, संडीला रोड और लखनऊ रोड समेत कई स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पंडाल सजाए गए हैं।
गणपति पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रतिमा स्थापना के बाद प्रतिदिन सुबह और शाम आरती, भजन-कीर्तन एवं पूजन-अर्चन का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
गणेश चतुर्थी को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु अपने आराध्य देव भगवान गणेश के स्वागत के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ गणपति भक्ति में सराबोर नजर आएगा।



