पेपर मिल कॉलोनी में ध्वस्तीकरण प्रस्ताव के खिलाफ जोरदार विरोध, एलडीए की पीपीपी योजना पर उठे सवाल
Mishra ManishApril 26, 2026Last Updated: April 26, 2026
0 122 2 minutes read
लखनऊ। पेपर मिल कॉलोनी में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के खिलाफ रविवार को कॉलोनी स्थित तिकोना पार्क में नागरिकों की एक बड़ी सभा आयोजित की गई। सभा का नेतृत्व स्थानीय पार्षद राजेश सिंह गब्बर ने किया। यह विरोध हाल के दिनों में समाचार पत्रों में प्रकाशित उस प्रस्ताव को लेकर था, जिसमें लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा पीपीपी मॉडल के तहत कॉलोनी को ध्वस्त कर अपार्टमेंट निर्माण की योजना पर विचार किए जाने की बात सामने आई है।
सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित कॉलोनीवासियों ने एक स्वर में प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि पेपर मिल कॉलोनी के भवन पूरी तरह सुदृढ़ और सुरक्षित हैं तथा यहां रहने योग्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। लोगों का कहना था कि कॉलोनी के पार्क हरे-भरे हैं, सड़कें व्यवस्थित हैं और पर्यावरणीय स्थिति भी बेहतर है, ऐसे में ध्वस्तीकरण का कोई औचित्य नहीं बनता। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि संपत्ति का स्वामित्व प्राधिकरण के पास होने के बावजूद वर्षों से भवनों के रखरखाव और अनुरक्षण की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं किया गया। इसके विपरीत कॉलोनीवासियों ने अपने स्तर पर सहयोग कर मकानों को सुरक्षित और रहने योग्य बनाए रखा है। ऐसे में कॉलोनी को जीर्ण-शीर्ण घोषित कर अपार्टमेंट बनाने की योजना को साजिश करार दिया गया।
सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्राधिकरण द्वारा भविष्य में यदि कोई भी कार्रवाई की जाती है तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने आवास और क्षेत्र के स्वरूप को बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।