गौरव कुमार का फील्ड एक्शन मोड, 15 दिन में काम पूरा करने की चेतावनी
Mishra ManishJune 12, 2026Last Updated: June 12, 2026
0 124 2 minutes read
सीएम ग्रिड परियोजनाओं, कल्याण मंडप और नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार को जोन-3 क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🔴 कल्याण मंडप निर्माण की गुणवत्ता पर जोर
निरीक्षण की शुरुआत पटेल नगर पार्क स्थित निर्माणाधीन कल्याण मंडप से हुई। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
🔴 सीएम ग्रिड परियोजना को 15 दिन में पूरा करने के निर्देश
इसके बाद नगर आयुक्त ने कपूरथला चौराहे से अलकापुरी तिराहे तक चल रहे सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चीफ इंजीनियर सिविल को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि जनता को बेहतर यातायात एवं आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
🔴 कुर्सी रोड परियोजना की बाधाएं दूर करने के निर्देश
पुरनिया अलीगंज रोड से कुर्सी रोड होते हुए जनगणना निदेशालय तक विकसित की जा रही सीएम ग्रिड परियोजना की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने कार्यस्थल पर मौजूद बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अवरोध तत्काल दूर कर 30 जून तक परियोजना पूर्ण कराई जाए।
🔴 सीवर समस्या के समाधान पर सख्ती
विंध्याचल क्रॉसिंग से बाटी चोखा रेस्टोरेंट और ताड़ीखाना क्षेत्र तक निरीक्षण के दौरान सीवर संबंधी समस्याएं सामने आने पर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवर की समस्याओं का स्थायी समाधान करते हुए परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कराया जाए।
🔴 नाला सफाई कार्यों में बढ़ेगी मशीनों की संख्या
दौरे के अंतिम चरण में नगर आयुक्त फैजुल्लागंज स्थित शिव नगर कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त मशीन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नाले से निकाली गई सिल्ट को सूखते ही तत्काल उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।