Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

लालबाग और 1090 चौराहे पर हीट वेव से राहत: महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन

लखनऊ: शहर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव से आमजन को राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा 1090 चौराहे और नगर निगम मुख्यालय लालबाग पर एक विशेष कूलिंग पॉइंट स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, कामकाजी लोगों और जरूरतमंदों को तेज गर्मी से कुछ राहत प्रदान करना है। सोमवार को इन दोनों कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविन्द कुमार राव और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य प्रमुख स्थानों पर भी बने कूलिंग पॉइंट्स
महापौर सुषमा खर्कवाल ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा 1090 चौराहे और लालबाग नगर निगम मुख्यालय के अलावा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों जैसे पॉलिटेक्निक चौराहा, गोमती नगर पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन, जीपीओ विधानसभा मार्ग और भार्गव पेट्रोल पंप रोड पर भी इसी प्रकार के कूलिंग पॉइंट्स स्थापित किए जा रहे हैं। इन कूलिंग पॉइंट्स पर बेड, सोफा, कुर्सी, पंखा, कूलर, मटके का ठंडा पानी और खाने के लिए गुड़ जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि आमजन को तेज धूप और गर्मी से राहत मिल सके।

रैनबसेरों को भी बनाया गया सुविधाजनक
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में पूर्व से संचालित 24 रैनबसेरों को भी इस योजना के अंतर्गत गर्मी से राहत देने योग्य बनाया गया है। इन रैनबसेरों में पहले से ही लोगों के लिए बेड की सुविधा उपलब्ध थी, अब यहां स्वच्छ और ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गई है। शहरवासी दोपहर की तपती धूप में इन रैनबसेरों में ठहर कर आराम कर सकते हैं और हीट वेव के दुष्प्रभावों से स्वयं की रक्षा कर सकते हैं।

शहरभर में लगाए गए हैं जलपान केंद्र
महापौर ने यह भी बताया कि जलकल विभाग के सहयोग से लखनऊ शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल जल की व्यवस्था की जा रही है। इन जलपान केंद्रों पर मटकों में स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध है, जिससे राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को राहत मिल रही है। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है जो पूरे दिन खुले में कार्य करते हैं।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!