Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

VIP इलाके के वेंडिंग जोन में गंदगी का अंबार, उद्घाटन के डेढ़ साल बाद बदहाल हुए हालात

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने फैली गंदगी पर उठे सवाल, LSA की सफाई व्यवस्था कटघरे में


लखनऊ। राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके विभूति खंड स्थित वेंडिंग जोन की हालत आज बद से बदतर हो चुकी है। जिस वेंडिंग जोन का उद्घाटन करीब एक वर्ष पूर्व नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने बड़े दावों और व्यवस्थाओं के साथ किया था, आज वहीं गंदगी और अव्यवस्था का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है। उस दौरान तत्कालीन नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह भी मौके पर मौजूद रहे थे।


आज हालात यह हैं कि पूरे वेंडिंग जोन में जगह-जगह कूड़े का ढेर, फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह स्थान राजधानी के सबसे महत्वपूर्ण और वीआईपी इलाकों में गिना जाता है। ठीक सामने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और बड़े अधिकारी आए दिन कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचते रहते हैं।
इसके बावजूद इस क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की यह तस्वीर राजधानी की छवि पर बड़ा दाग मानी जा रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि अगर वीआईपी इलाके का यह हाल है तो बाकी शहर की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

🟥 LSA की जिम्मेदारी, लेकिन जमीनी हालात शर्मनाक

विभूति खंड वेंडिंग जोन की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) के पास है, लेकिन मौके पर दिखाई दे रहे हालात एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। जगह-जगह फैली गंदगी और कूड़े के ढेर यह बताने के लिए काफी हैं कि निगरानी व्यवस्था कितनी कमजोर हो चुकी है।

🟥 महापौर के दौरे के बावजूद नहीं दिखा असर

सबसे हैरानी की बात यह रही कि आज शनिवार को महापौर सुषमा खर्कवाल स्वयं जोन-4 के दौरे पर मौजूद थीं, इसके बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में सफाई व्यवस्था को लेकर कोई गंभीरता दिखाई नहीं दी। मौके की तस्वीरें यह साफ दर्शाती हैं कि जिम्मेदार विभाग और एजेंसी दोनों ही व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं।

🟥 सवाल यह भी…

जब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के ठीक सामने स्थित वेंडिंग जोन का यह हाल है, तो शहर के सामान्य इलाकों में सफाई व्यवस्था कैसी होगी—यह सवाल अब आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!