मातृभाषा हिंदी के विकास के लिए मॉडर्न स्कूल का सराहनीय प्रयास, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने रखा पक्ष
Mishra Manish60 minutes agoLast Updated: May 9, 2026
0 51 2 minutes read
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित मॉडर्न School, सेक्टर-ई में विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
🟥 अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर छात्रों ने रखे सशक्त तर्क कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “अभिव्यक्ति के अधिकार की एक सीमा होनी चाहिए” रखा गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के महत्व के साथ उसकी मर्यादा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
🟥 अंक नहीं, कौशल हो मूल्यांकन का आधार वहीं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए “परीक्षा का मापदंड अंक नहीं, कौशल होना चाहिए” विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने तर्कों के माध्यम से बताया कि केवल अंक किसी व्यक्ति की प्रतिभा का वास्तविक आकलन नहीं कर सकते, बल्कि रचनात्मकता, व्यवहारिक ज्ञान और कौशल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
🟥 निर्णायकों ने सराहा विद्यार्थियों का आत्मविश्वास प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्री गोपाल ओझा, श्री के.डी. सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक श्री जितेंद्र गुप्ता तथा श्रीमती निशा आनंद शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के विषय ज्ञान, तर्कशक्ति, भाषा शैली और प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन करते हुए उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता की सराहना की।
🟥 विद्यालय परिसर में हुआ पौधारोपण इसी अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्या सुश्री मीना काने के मार्गदर्शन में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। माननीय श्री के.डी. सिंह द्वारा रुद्राक्ष के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रुद्राक्ष के आध्यात्मिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्व से परिचित कराना था।
🟥 सर्वांगीण विकास में सहायक हैं ऐसी गतिविधियां कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सुश्री मीना काने ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं शिक्षकों को बधाई दी।
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।