हर वार्ड को मिलें ₹70 लाख, तभी गड्ढामुक्त होंगी सड़कें: भाजपा पार्षद दल ने नगर आयुक्त से मांगा अतिरिक्त बजट

भारी बारिश से सड़कें, नालियां और क्रॉसिंग क्षतिग्रस्त होने का हवाला; उपनेता देव शर्मा ‘मुन्ना मिश्रा’ और मुख्य सचेतक मुकेश सिंह ‘मोंटी’ ने सौंपा पत्र
लखनऊ। राजधानी की सड़कों को शत-प्रतिशत गड्ढामुक्त करने के लिए भाजपा पार्षद दल ने नगर निगम से प्रत्येक वार्ड के लिए ₹70-70 लाख की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की है। पार्षद दल के उपनेता देव शर्मा ‘मुन्ना मिश्रा’ और मुख्य सचेतक मुकेश सिंह ‘मोंटी’ की ओर से नगर आयुक्त को इस संबंध में पत्र दिया गया है।

पत्र में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण शहर के विभिन्न वार्डों में डामर, सीसी और इंटरलॉकिंग सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई स्थानों पर बड़े गड्ढे बनने के साथ नालियों और क्रॉसिंग को भी नुकसान पहुंचा है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
पार्षद दल का कहना है कि क्षेत्रीय जनता लगातार सड़कों की मरम्मत की मांग कर रही है। ऐसे में प्रत्येक वार्ड में ₹70 लाख की धनराशि कार्यकारिणी के माध्यम से स्वीकृत की जाए, ताकि सड़क, नाली और क्रॉसिंग के सुधार कार्य कराए जा सकें।
यह मांग ऐसे समय उठी है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 सितंबर को बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए थे।
🔴 पार्षद दल का तर्क,अतिरिक्त बजट से तेज होगा काम
भाजपा पार्षद दल के पदाधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त धनराशि मिलने से वार्ड स्तर पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तेजी से कराई जा सकेगी। पत्र में आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए भी विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया है।
अब निगाह नगर निगम पर है कि प्रत्येक वार्ड के लिए मांगे गए ₹70 लाख के प्रस्ताव पर क्या निर्णय लिया जाता है और शहर की क्षतिग्रस्त ससीड़कों को दुरुस्त करने के लिए कितनी अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाती है।




