Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

पहले जुर्माना, फिर छह नए वार्डों की जिम्मेदारी: LSA पर नगर निगम की ‘मेहरबानी’ पर सवाल

तीन दिन में साढ़े तीन लाख का जुर्माना, निगम की रिपोर्ट में सफाई व्यवस्था बदहाल; भाजपा पार्षद लगातार दूसरे दिन विरोध में उतरे, कंपनी नहीं हटी तो फिर धरने की चेतावनी

लखनऊ।शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिस लखनऊ स्वच्छता अभियान (LSA) कंपनी की कार्यप्रणाली पर नगर निगम खुद लगातार सवाल खड़े कर रहा है, उसी कंपनी को छह और वार्डों की सफाई व्यवस्था सौंपे जाने से अब निगम की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।

नगर निगम के अपने अभिलेख बताते हैं कि कुछ ही दिनों के भीतर अलग-अलग क्षेत्रों में कूड़ा उठान, झाड़ू और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर LSA पर कुल साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बावजूद कंपनी का कार्यक्षेत्र घटाने या जवाबदेही तय करने के बजाय उसे नए वार्डों की जिम्मेदारी दिए जाने से पार्षदों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

🔴 31 अगस्त: जोन-1 में दो लाख का जुर्माना

नगर निगम के निरीक्षण में जोन-1 के गोलागंज, विक्रमादित्य, महात्मा गांधी और मसकगंज वार्ड में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर कूड़ा उठान और नियमित सफाई प्रभावित मिली। इस पर कंपनी पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

🔴 25 अगस्त: जोन-7 में एक लाख की कार्रवाई

25 अगस्त को जोन-7 के खुर्रमनगर, पिकनिक स्पॉट रोड और जरहरा समेत कई क्षेत्रों में कूड़ा नहीं उठने, झाड़ू नहीं लगने और जगह-जगह गंदगी मिलने पर नगर निगम ने LSA पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

🔴 इंदिरानगर में भी मिले कूड़े के ढेर

इसी दिन इंदिरानगर क्षेत्र में भी निरीक्षण के दौरान डी-ब्लॉक सहित कई स्थानों पर कूड़े के ढेर मिले। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर कंपनी के खिलाफ 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

🔴 दूसरे दिन भी पार्षदों का विरोध, नगर अध्यक्ष तक पहुंचा मामला

LSA के खिलाफ भाजपा पार्षदों का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। महानगर वार्ड के पार्षद हरिश्चंद्र लोधी, गोमतीनगर के कौशल पांडे, मुसब्बिर अली मंशू और प्रियंका बाजपेई नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त से शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पार्षदों ने भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के सामने मामला रखा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि कंपनी नियमित कूड़ा उठान और पड़ाव स्थलों की सफाई तक नहीं कर पा रही है। नगर अध्यक्ष ने पार्षद दल के उपनेता मुन्ना मिश्रा से बातचीत कर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। पार्षदों ने साफ चेतावनी दी है कि कंपनी की कार्यप्रणाली नहीं सुधरी और उसे हटाने पर विचार नहीं हुआ तो नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर फिर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

🔴 निगम की रिपोर्ट ही बता रही बदहाली की कहानी

नगर निगम की अपनी कार्रवाई बता रही है कि कंपनी को सौंपे गए क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार कमियां सामने आ रही हैं। अधिकारी स्वयं निरीक्षण कर जुर्माना लगा रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब मौजूदा वार्डों में ही कंपनी तय मानकों पर खरी नहीं उतर रही, तो उसे अतिरिक्त वार्डों की जिम्मेदारी किस आधार पर दी जा रही है?

🔴 जुर्माना भी, नया काम भी,पार्षद पूछ रहे वजह

भाजपा पार्षदों का सवाल भी अब यही है कि लगातार शिकायतें, लाखों का जुर्माना और धरना-प्रदर्शन के बावजूद LSA का काम घटने के बजाय बढ़ कैसे रहा है? नगर निगम को अब यह स्पष्ट करना होगा कि खराब प्रदर्शन पर लगाया जा रहा जुर्माना वास्तव में जवाबदेही तय करने की कार्रवाई है या सिर्फ कागजी औपचारिकता।

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!