वार्ड-69 जे.सी. बोस के लोधपुरवा इलाके में महीनों से चोक नाली, पानी भरने तक में परेशानी; स्थानीय महिलाओं ने जोनल सेनेटरी अफसर पर लापरवाही का लगाया आरोप।
🟥 शिकायतें बहती रहीं, नाली वहीं की वहीं!
लखनऊ। नगर निगम के जोन-1 के वार्ड संख्या-69 (जे.सी. बोस) के खंदारी बाजार स्थित लोधपुरवा इलाके में चोक नाली स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। हालात यह हैं कि नाली की सफाई न होने से गंदगी पूरी गली में फैल गई है और बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
🟥 पानी भरने से पहले गंदगी से लड़ना पड़ रहा है
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि इस समस्या की कई बार शिकायत नगर निगम में की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि नाली के ऊपर रखी पानी की टंकी तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। गंदगी और जलभराव के कारण पानी भरने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
🟥 नगर आयुक्त के आदेश रास्ते में ही कहीं अटक गए?
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर आयुक्त गौरव कुमार लगातार अधिकारियों को जनता की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का असर दिखाई नहीं दे रहा। लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है और जिम्मेदार अधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण तक नहीं कर रहे।
🟥 तबादला हो गया… लेकिन मोहल्ले का ‘मोह’ नहीं छूटा!
स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि जोनल सेनेटरी अफसर को क्षेत्र की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद न तो मौके पर निरीक्षण किया गया और न ही नाली की सफाई कराई गई। लोगों का कहना है कि जिनका तबादला हो चुका है, उनका भी इस क्षेत्र से ऐसा “मोह” है कि व्यवस्था बदलने का नाम ही नहीं ले रही। सफाई निरीक्षक भी फाइलों और औपचारिकताओं में व्यस्त दिखाई देते हैं, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
🟥 अब जवाबदेही तय होगी या शिकायतें ही बढ़ती रहेंगी?
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि चोक नाली की तत्काल सफाई कराकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि लोगों को गंदगी, बदबू और जलभराव से स्थायी राहत मिल सके।
बड़े सवाल
🟥शिकायतों के बावजूद आखिर नाली की सफाई क्यों नहीं हुई?
🟥नगर आयुक्त के निर्देशों का पालन जमीनी स्तर पर कौन नहीं कर रहा?
🟥क्या जोन-1 के जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं?
🟥तबादले के बाद भी क्या कुछ अधिकारियों का “मोह” जोन-1 से खत्म नहीं हो रहा?
🟥जनता की समस्याओं पर जवाबदेही आखिर तय कब होगी?
मनीष मिश्रा राज्य संवाददाता, सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।