Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

तृतीय सोमवार और नाग पंचमी पर काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, ड्रोन से निगरानी और चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा

वाराणसी। श्रावण मास के तृतीय सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम समेत वाराणसी के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्री विश्वेश्वर की मंगला आरती के दर्शन के साथ ही पूरे धाम को भव्य पुष्प सज्जा से सजाया गया।
श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया। पूरा काशी क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘बाबा विश्वनाथ की जय’ के जयघोष से गूंज उठा। नाग पंचमी के अवसर पर शिवालयों में विशेष पूजन-अर्चन, रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया।
ड्रोन से निगरानी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा गया है। पूरे इलाके की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए हैं।
बढ़ते गंगा जलस्तर को लेकर विशेष सतर्कता
गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर विशेष सतर्कता बरती है। एनडीआरएफ की तैनाती की गई है, जबकि जल पुलिस लगातार गंगा में पेट्रोलिंग कर रही है। कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करने और सुरक्षित तरीके से गंगाजल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के लिए लगातार लाउडस्पीकर से निर्देशित किया जा रहा है।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए कतारबद्ध व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
काशी के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। तृतीय सोमवार और नाग पंचमी के संयोग से काशी पूरी तरह शिवमय नजर आई। चारों ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों ने आध्यात्मिक माहौल को और भक्तिमय बना दिया।

Pravin Chaubey

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!