सुनील कुमार वर्मा बने लखनऊ के नए मण्डल रेल प्रबन्धक, 27 वर्षों का रेल और दूरसंचार का अनुभव
लखनऊ मण्डल रेल प्रबन्धक का पदभार ग्रहण करते हुए सुनील कुमार वर्मा

सुनील कुमार वर्मा ने संभाला लखनऊ मण्डल रेल प्रबन्धक का कार्यभार, रेलवे व दूरसंचार में 27 वर्षों का अनुभव
लखनऊ, 20 मई 2025 – उत्तर रेलवे के लखनऊ मण्डल को आज नया नेतृत्व मिल गया। श्री सुनील कुमार वर्मा ने मण्डल रेल प्रबन्धक/लखनऊ (Divisional Railway Manager, DRM Lucknow) का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे दूरसंचार विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। श्री वर्मा भारतीय रेल सेवा के सिग्नल इंजीनियर्स (IRSSE) के 1994 बैच के अधिकारी हैं।
शैक्षिक पृष्ठभूमि और तकनीकी योग्यता
श्री वर्मा ने मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज (MMMEC), गोरखपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक के साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), रुड़की से परास्नातक (ME) की डिग्री हासिल की।
बहुआयामी अनुभव
उनके पास प्रशासनिक, तकनीकी और प्रबंधकीय क्षेत्रों में 27 वर्षों से अधिक का अनुभव है। रेलवे में उन्होंने धनबाद, डीडीयू, दानापुर मंडल, पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, और RDSO लखनऊ में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
यह भी पढ़ें- UK वेलिंगबरो के मेयर राज मिश्रा भारत में खोलेंगे टेक्नोलॉजी सेंटर, युवाओं को मिलेगा रोजगार
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और नेतृत्व
श्री वर्मा ने INSEAD सिंगापुर और ICLIF मलेशिया जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने दूरसंचार क्षेत्र में BSNL, MTNL, और ITI के निदेशक के रूप में कार्य कर प्रशासनिक कुशलता का परिचय दिया है।
प्रशासनिक बदलाव
श्री वर्मा से पहले श्री एस. एम. शर्मा लखनऊ के मण्डल रेल प्रबन्धक पद पर कार्यरत थे। श्री शर्मा का स्थानांतरण अब रेलवे बोर्ड में Executive Director, Mechanical Engineering (Trainset) के पद पर किया गया है।


