Welcome to Soochna India   Click to listen highlighted text! Welcome to Soochna India
ब्रेकिंग न्यूज़

खरगापुर वार्ड में सफाई व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में

जनता त्रस्त, LSA मस्त… अधिकारी व्यस्त!

लखनऊ। नगर निगम के खरगापुर वार्ड में सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रोड स्वीपिंग और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सहित सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) के पास है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो समय पर कूड़ा उठ रहा है और न ही नियमित सफाई हो रही है। बरसात के मौसम में जगह-जगह गंदगी के ढेर और कूड़े के जमाव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

🔴 पार्षद पहले भी उठा चुके हैं आवाज

खरगापुर वार्ड के पार्षद राजेश रावत इससे पहले भी कई बार सफाई व्यवस्था को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने सड़क पर खड़े होकर सोशल मीडिया के माध्यम से वार्ड की बदहाल सफाई व्यवस्था को उजागर किया और जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल सुधार की मांग की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार मुद्दा उठने के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

🔴 प्रभारी मंत्री की फटकार भी नहीं लाई बदलाव

यह वही खरगापुर वार्ड है, जहां निरीक्षण के दौरान प्रदेश के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सफाई व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उस समय संबंधित संस्था के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे हटाया भी गया था। इसके बावजूद मौजूदा हालात देखकर लोगों का कहना है कि व्यवस्था आज भी लगभग उसी स्थिति में बनी हुई है।

🔴 डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर गंभीर सवाल

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नियमित रूप से नहीं हो रहा। कई मोहल्लों में समय पर कूड़ा नहीं उठने से गंदगी फैल रही है और लोगों को दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

🔴 फोन नहीं उठा, पक्ष नहीं मिल सका

इस संबंध में नगर निगम के जोनल सेनेटरी अफसर पंकज शुक्ला से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

🔴 बार-बार बदले प्रोजेक्ट हेड, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था

हाल ही में लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) में लगातार प्रोजेक्ट हेड बदले जाने की खबर सामने आई थी। इसके बावजूद शहर के कई वार्डों से सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि यदि नेतृत्व में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं, तो जमीनी स्तर पर उसका असर आखिर क्यों नहीं दिखाई दे रहा।

🔴 नगर आयुक्त पहले भी लगा चुके हैं जुर्माना

गौरतलब है कि इससे पहले चिनहट प्रथम वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही पाए जाने पर नगर आयुक्त ने LSA पर जुर्माना लगाया था। इसके बावजूद यदि अन्य वार्डों से भी लगातार ऐसी ही शिकायतें सामने आ रही हैं, तो यह निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

🔴 अब कार्रवाई का इंतजार

खरगापुर वार्ड के लोग अब नगर निगम और LSA से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब शिकायतें, जनप्रतिनिधियों की नाराजगी, प्रभारी मंत्री की फटकार और नगर आयुक्त की कार्रवाई के बाद भी हालात नहीं बदल रहे, तो आखिर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी तय किसकी होगी?

मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल

मनीष मिश्रा पिछले 8 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।

Mishra Manish

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!