लखनऊ नगर निगम बैठक: शुभांशु शुक्ल मार्ग से बिल्लियों का लाइसेंस तक, लिए गए 20 बड़े फैसले

लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी बैठक: सड़कों का नामकरण, बिल्लियों के लाइसेंस और शहर के सौंदर्यीकरण पर अहम फैसले
लखनऊ, 23 अगस्त 2025
लखनऊ नगर निगम (Lucknow Nagar Nigam) की कार्यकारिणी समिति की सामान्य बैठक में शनिवार को कई बड़े फैसले लिए गए। महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की आधारभूत संरचना, सांस्कृतिक धरोहर, शहरी सौंदर्यीकरण और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े अहम प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक की सबसे बड़ी खासियत रही लखनऊ के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के नाम पर सड़क का नामकरण। इसके अलावा भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, डॉ. जगदीश गांधी और महामना मालवीय जैसे महापुरुषों के नाम पर भी शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों का नामकरण किया गया।
लखनऊ नगर निगम बैठक के प्रमुख फैसले
1. सड़कों और चौराहों का नामकरण
- त्रिवेणीनगर की सड़क का नाम अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल मार्ग होगा।
- सरोजनीनगर वार्ड की सड़कों का नामकरण भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम मार्ग किया गया।
- हुसैनगंज चौराहे से मवैया तिराहा तक की सड़क का नाम डॉ. जगदीश गांधी मार्ग होगा।
- गोमतीनगर के मार्ग का नाम महामना मालवीय मार्ग रखा गया।
- विद्यावती वार्ड के चौराहे को भगवान श्री बालाजी चौराहा नाम दिया गया।
2. प्रतिमाओं की स्थापना
- परिवर्तन चौक पर स्व. जगदीश प्रसाद वाल्मीकि की प्रतिमा।
- रायबरेली रोड पार्क में सम्राट विक्रमादित्य की प्रतिमा।
- वाल्मीकि वाटिका प्रेरणा स्थल पर भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापित होगी।
3. शहर का सौंदर्यीकरण और विकास
- हर वार्ड में 50 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
- चिनहट व अन्य वार्डों के पार्कों का सौंदर्यीकरण और रखरखाव किया जाएगा।
- लखनऊ संसदीय क्षेत्र में 5 नए सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे।
4. यातायात और औद्योगिक कदम
- अवैध वाहनों को हटाने के लिए नई क्रेन सेवाएं शुरू होंगी।
- हर जोन में औद्योगिक कार्यों हेतु 20 श्रमिकों की नियुक्ति होगी।
- पार्किंग नियमावली 2025 लागू की जाएगी।
5. पशु कल्याण और बिल्लियों का लाइसेंस
- कान्हा उपवन गौशाला के चिकित्सकों का मानदेय ₹40,000 से बढ़ाकर ₹56,000 किया गया।
- “कैटिल कैचिंग विभाग” का नाम बदलकर पशु कल्याण विभाग किया गया।
- अब बिल्लियों को पालने पर ₹500 वार्षिक शुल्क का लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।
लखनऊ नगर निगम सफाई अभियान: ज़ोन-5 में लापरवाही पर जुर्माना, वेतन कटौती और सख्त चेतावनी
6. सांस्कृतिक और धार्मिक पहल
- नगर निगम की भूमि पर भारतेन्दु नाट्य अकादमी की नई शाखा स्थापित होगी।
- सरोजनीनगर क्षेत्र में छठ पूजा स्थल विकसित किया जाएगा।
7. सिनेमा हॉल पर नया टैक्स
- मल्टीप्लेक्स पर ₹300 प्रति शो टैक्स और
- सिंगल स्क्रीन हॉल पर ₹100 प्रति शो टैक्स लागू होगा।
महापौर का बयान
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा:
“लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में लिए गए फैसले शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। हमारा लक्ष्य अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त सड़कें उपलब्ध कराना है। इन प्रस्तावों से शहर की पहचान और सांस्कृतिक गौरव और मजबूत होगा।”




