लखनऊ नगर निगम महिला संगठन की विशेष बैठक: कार्यस्थल और स्थायीकरण की मांग पर चर्चा
Lucknow Municipal Corporation Women’s Association Meeting: Demands for Workspace and Permanent Employment

लखनऊ नगर निगम महिला संगठन की विशेष बैठक सम्पन्न: कल्याणकारी मांगों को लेकर प्रदर्शन की चेतावनी
लखनऊ, 20 सितंबर 2024
उत्तर प्रदेश नगर निगम महिला अधिकारी एवं कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में आज नगर निगम हॉल में महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष एवं मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्रीमती अम्बि बिष्ट ने की। इस दौरान महिलाओं की समस्याओं और उनके कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई और समाधान के लिए कई मांगें प्रस्तुत की गईं।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मांग यह रही कि संगठन के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए उचित कार्यस्थल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, नवजात शिशुओं के लिए स्तनपान कक्ष और क्रेच जैसी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक कार्यालय कक्ष का आवंटन भी आवश्यक बताया गया। संगठन की ओर से नगर निगम में महिलाओं की सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण, समान अवसर, और प्रोत्साहन को सुनिश्चित करने के प्रयासों पर जोर दिया गया।
महिला कर्मियों का स्थायीकरण न होने पर नाराजगी
संगठन ने यह भी बताया कि वर्ष 2008 में चतुर्थ श्रेणी कर्मियों और 2018 में लिपिकीय संवर्ग के स्थायीकरण के बाद भी महिला कर्मियों का स्थायीकरण अब तक नहीं किया गया है। इसका सीधा असर उनके सेवा लाभ पर पड़ रहा है, जिससे उन्हें कई सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस विषय पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।
महिलाओं के लिए मनोरंजन और शारीरिक गतिविधियों का प्रस्ताव
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महिला कर्मियों के लिए लूडो, बैडमिंटन, शतरंज, और कैरम जैसी इनडोर गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, फिजिकल एक्टिविटी और प्रतिभा विकास के लिए नृत्य, गायन, कैनवस पेंटिंग, और खाना बनाने की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रदर्शन की चेतावनी
बैठक के अंत में एक मांग पत्र तैयार किया गया, जिसे नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपा जाएगा। तय समय सीमा में अगर इन मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो महिला संगठन द्वारा वृहद प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक में शामिल सभी महिला कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य और अधिकारी उपस्थित रहे।