बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहन दें अभिभावक, हर प्रतिभा को निखारेंगे : बिरला

- मल्टीपरपज स्कूल में फुटबॉल ग्राउंड बास्केटबॉल और वॉलीबॉल ट्रेक का हुआ लोकार्पण
कोटा, राजस्थान। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को शहर के खिलाड़यों और खेल प्रेमियों को खेल सुविधाएं की सौगात दीं। उन्होंने यहां गुमानपुरा स्थित मल्टीपरपज स्कूल में 1.25 करोड़ की लागत से नवनिर्मित फुटबॉल ग्राउंड,बास्केटबॉल और वॉलीबॉल ट्रेक सहित अन्य सुविधाओं का लोकार्पण किया। बिरला ने कहा कि ये सुविधाएं हमारे युवाओं को अपने कौशल को निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त मंच प्रदान करेंगी।

हर तहसील पर बनाएंगे इंडोर स्टेडियम
बिरला ने कहा कि भारत आज खेलों में तेजी से प्रगति कर रहा है। ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स तक, हमारे खिलाड़ियों ने अद्भुत प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। मेरा सपना है कि हाड़ौती के युवा में भी खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक प्राप्त करें। कोटा और बून्दी में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की सुविधा खिलाड़ियों को मिल रही है। चार बड़ी तहसीलों में इंडोर स्टेडियम निर्माणाधीनहै, हर तहसील पर यह सुविधाएं खिलाड़ियों को देंगे, ताकि गांव-ढाणी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी खेलों में आगे बढ़ सके।

सपने हो रहे साकार
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि स्पीकर बिरला ने 10 वर्ष पहले कोटा में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने का सपना देखा था। मुझे खुशी है आज हम इस लक्ष्य को पूरा कर रहे हैं। पिछले वर्ष श्रीनाथपुरम में सिंथेटिक ट्रेक का निर्माण हुआ है,बाकी कोर्ट्स को भी सिंथेटिक बनाया जा रहा है। जब एक खिलाड़ी अपनी मेहनत और समर्पण से विजय प्राप्त करता है, तो वह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि अर्जित नहीं करता बल्कि समाज और देश को गौरवान्वित करता है। आज कोटा में ऐसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, महापौर राजीव अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, पार्षद नरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।




