अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज का निरीक्षण, विकास कार्यों को लेकर नगर आयुक्त महोदय ने दिए निर्देश

लखनऊ। नगर निगम द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाएं बेहतर करने के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त के साथ अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और परिसर में जरूरी सुधार व नई सुविधाएं विकसित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान अधिशासी अभियंता (शिक्षा) श्री संजीव प्रधान, सहायक अभियंता श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव और अवर अभियंता श्री अभिषेक गुप्ता मौजूद रहे। नगर आयुक्त महोदय ने कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और कई जरूरी निर्देश दिए।
दीवार पर कॉलेज का नाम लिखवाने के निर्देश
नगर आयुक्त महोदय ने प्रशासनिक भवन के सामने प्रांगण की दीवार के दोनों ओर पत्थरों से “अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज” लिखवाने के निर्देश दिए। इससे कॉलेज की पहचान और साफ तौर पर दिखेगी और परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

पम्प हाउस हटाकर कैंटीन बनाने की योजना
निरीक्षण के दौरान गेट नंबर-2 के पास बने पम्प हाउस को अनुपयोगी पाया गया। इस पर नगर आयुक्त महोदय ने उसे हटाकर वहां कैंटीन बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधा मिल सके। 
चारदीवारी और ग्रिल लगाने पर जोर
नगर आयुक्त महोदय ने कॉलेज की चारदीवारी को एक समान ऊंचाई का बनाने और उस पर ग्रिल लगाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इससे कॉलेज परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी। 
अटल जी की प्रतिमा स्थल में सुधार के निर्देश
कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के लिए बन रहे पैडस्टल का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त महोदय ने इसके कोनों के पत्थरों को गोल आकार में तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि यह अधिक आकर्षक दिखे। 
भवनों पर स्टील रेलिंग लगाने की बात
नगर आयुक्त महोदय ने कहा कि कॉलेज में बन रहे नए भवनों की बाउंड्रीवाल पर पुरानी बिल्डिंग की तरह स्टील रेलिंग लगाई जाए। इससे एकरूपता बनी रहेगी और सुरक्षा भी बेहतर होगी।
नाले को हटाकर हरियाली विकसित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य ने नगर आयुक्त महोदय को बताया कि पार्क के बीच बना नाला अब उपयोग में नहीं है। इस पर नगर आयुक्त महोदय ने नाले को हटाकर वहां हरियाली विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे परिसर साफ और सुंदर बने।
खाली जमीन पर लाइब्रेरी या लैब बनाने का प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान कॉलेज के पास मुख्य मार्ग पर करीब 1800 वर्ग फुट नगर निगम की खाली जमीन मिली। नगर आयुक्त महोदय ने इस जमीन पर पुस्तकालय या कंप्यूटर लैब बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। 
मुख्यद्वार से हटाया जाएगा निष्प्रयोज्य वाहन
कॉलेज के मुख्यद्वार के सामने एक बेकार खड़ा थ्री-व्हीलर वाहन मिला। इस पर नगर आयुक्त महोदय ने मुख्य अभियंता (आरआर) को क्रेन से उसे हटवाने के निर्देश दिए, ताकि रास्ता साफ रहे।

आगामी वर्ष में शेड निर्माण की योजना
नगर आयुक्त महोदय ने निर्देश दिया कि अगले वित्तीय वर्ष में गेट नंबर-2 से प्रशासनिक कक्ष और वहां से प्रधानाचार्य कक्ष तक शेड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। इससे छात्रों और स्टाफ को धूप और बारिश से राहत मिलेगी।
मनीष मिश्रा
राज्य संवाददाता,
सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल
मनीष मिश्रा पिछले 7 वर्षों से सूचना इंडिया न्यूज़ चैनल के साथ राज्य संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं, और लखनऊ नगर निगम से संबंधित खबरों को गंभीरता के साथ जनता के समक्ष लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ शहर के नागरिकों के सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी रिपोर्टिंग की बदौलत नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से लिया और निस्तारण के लिए सक्रिय कदम भी उठाए। मनीष का उद्देश्य हमेशा से जनहित के मुद्दों को उजागर करना और प्रशासन को जिम्मेदार बनाना रहा है, जिसके लिए वह पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए हैं।





