पंडितखेड़ा की विकास समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल, जल्द समाधान का मिला आश्वासन
Delegation Meets Commissioner Over Panditkheda Issues, Gets Assurance

विकास कार्यों को लेकर नगर आयुक्त से मिला पंडित खेड़ा समग्र विकास समिति का प्रतिनिधिमंडल, जल्द समाधान तय
लखनऊ, 16 मई 2025 — पंडितखेड़ा क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर आज पंडितखेड़ा समग्र विकास समिति के अध्यक्ष विनीत मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त एवं अपर नगर आयुक्त से मुलाकात की। बैठक में नाले के अधूरे निर्माण कार्य, समानांतर नाली, प्रमुख कालोनियों की जर्जर सड़कों, कूड़ा प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को बताया कि पंडितखेड़ा क्षेत्र में नाले का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, मुख्य मार्गों की दुर्दशा और स्ट्रीट लाइट की कमी से रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कूड़ा प्रबंधन भी क्षेत्रवासियों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है।
नगर आयुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया और कुछ समस्याओं के त्वरित निवारण हेतु नगर निगम जोन-5 के अधिकारियों को तत्काल निर्देश भी जारी किए। इसके साथ ही, गृहकर कैंप के आयोजन के लिए जल्द तिथि घोषित करने की बात कही गई।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन के सक्रिय सदस्य आशीष पांडेय, बीबी पाल, अमित सिंह, विपिन विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात केवल शुरुआत है — आने वाले दिनों में क्षेत्र के विधायकों से भी भेंट की जाएगी, ताकि समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाया जा सके।
संगठन के अनुसार, अगली सप्ताह एक बार फिर नगर आयुक्त व अपर नगर आयुक्त से मिलने की योजना है। वहीं क्षेत्रीय विधायक 20 मई के बाद जनसुनवाई के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुनेंगे, जिसमें संगठन अपनी बात मजबूती से रखेगा।
अध्यक्ष विनीत मिश्रा ने बताया, “हम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की आवाज़ को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रयास है कि हर समस्या का समाधान नियत समय में हो और पंडितखेड़ा विकास की ओर अग्रसर हो।
इस खबर को ज़्यादा से ज़्यादा साझा करें ताकि प्रशासन तक जनता की आवाज़ पहुंचे। अपनी समस्या नीचे कमेंट में ज़रूर लिखें — हम आपकी बात आगे पहुँचाएंगे!




सच को दिखाने के लिए सूचना इंडिया का हार्दिक आभार