विश्व नदी दिवस पर आर्ष गुरुकुल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम,

विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला, गीत और कविता प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा।
एटा। विश्व नदी दिवस के अवसर पर राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश के निर्देशन और जिलाधिकारी की प्रेरणा से जिला गंगा समिति की ओर से आर्ष गुरुकुल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नदियों के महत्व, संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रीन कल्चर फाउंडेशन के संस्थापक दर्पण भारद्वाज ने विद्यार्थियों को नदियों को जीवन का आधार बताते हुए उनके संरक्षण की आवश्यकता समझाई। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी आर्यन गौड़ ने नमामि गंगे परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए इसके आठ प्रमुख आयामों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने नदी संरक्षण, जल बचाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाषण, चित्रकला, गीत और कविता प्रतियोगिताएं कराई गईं। भाषण में युवराज आर्य, चित्रकला में आयुष आर्य, गीत में दैनिक उपाध्याय और कविता में अभिषेक आर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नदियों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। शिक्षक और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम संपन्न हुआ।



